जशपुर में भाजपा का श्रद्धांजलि कार्यक्रम: पण्डित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को किया नमन, कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती और राष्ट्रहित के लिए किया प्रेरित
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर में भाजपा का श्रद्धांजलि कार्यक्रम: पण्डित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को किया नमन, कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती और राष्ट्रहित के लिए किया प्रेरित

जशपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रनायक, प्रखर शिक्षाविद एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक पण्डित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर जशपुर जिले के सभी मंडलों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पण्डित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके राष्ट्रवादी विचारों, अद्वितीय त्याग और देश की एकता-अखंडता के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान का स्मरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि पण्डित श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि की उनकी सोच आज भी करोड़ों देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। उनके आदर्शों और राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुँचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि पण्डित श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। भाजपा की वैचारिक शक्ति ऐसे ही महापुरुषों के त्याग और तपस्या पर आधारित है। प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाए।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि पण्डित श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान भारतीय लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। उन्होंने कभी भी राष्ट्रहित से समझौता नहीं किया। उनका जीवन हमें राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। विकसित भारत के निर्माण का संकल्प भी उनके राष्ट्रवादी चिंतन को आगे बढ़ाने का ही माध्यम है।

कार्यक्रमों में वक्ताओं ने पण्डित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों पर चलने, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राष्ट्रहित के संकल्पों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष अरविंद भगत, श्रीनायक मिश्रा, संजीव ओझा, मुकेश सोनी, गोविंद राम भगत सहित जिले के सभी मंडलों में जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image