जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गुम हुए मोबाइलों की खोज में मिली बड़ी सफलता, 7.50 लाख रुपये के 51 मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गुम हुए मोबाइलों की खोज में मिली बड़ी सफलता, 7.50 लाख रुपये के 51 मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे

जशपुर। जशपुर पुलिस ने गुम मोबाइल फोन की तलाश और वापसी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 51 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। बरामद मोबाइल फोनों की कुल कीमत लगभग 7.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोबाइल गुम होने की शिकायतें सीईआईआर (CEIR) पोर्टल और थानों के माध्यम से प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए साइबर सेल जशपुर ने तकनीकी विश्लेषण और ट्रैकिंग के जरिए मोबाइल फोनों का पता लगाया और उन्हें बरामद करने में सफलता प्राप्त की।

इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन केवल बातचीत का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी का महत्वपूर्ण स्रोत बन चुका है। ऐसे में मोबाइल गुम होने पर निजी जानकारी के दुरुपयोग की आशंका रहती है। उन्होंने नागरिकों से मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल थाना या सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यातायात नियमों के पालन का संदेश भी दिया। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है।

मोबाइल वापस मिलने पर लाभान्वित लोगों ने जशपुर पुलिस और साइबर सेल का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आमजन की संपत्ति की सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी भावेश कुमार समरथ, डीएसपी कुंजराम चौहान, निरीक्षक संत लाल आयाम, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी सहित साइबर सेल एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image