नए सपनों और नई उम्मीदों के साथ विद्यालय पहुंचे नन्हे कदम, दासडुमरटोली में प्रवेश उत्सव ने बच्चों और पालकों के चेहरे पर बिखेरी मुस्कान
ताजा खबरें


बड़ी खबर

नए सपनों और नई उम्मीदों के साथ विद्यालय पहुंचे नन्हे कदम, दासडुमरटोली में प्रवेश उत्सव ने बच्चों और पालकों के चेहरे पर बिखेरी मुस्कान

जशपुर। जिले में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साह, उमंग और शिक्षा के प्रति सकारात्मक संकल्प के साथ हो रही है। इसी कड़ी में शासकीय प्राथमिक शाला दासडुमरटोली में विद्यालय प्रवेश उत्सव का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देशन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती कल्पना टोप्पो के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने शिक्षा के प्रति बच्चों और अभिभावकों में नया उत्साह भर दिया।

विद्यालय परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। पहली बार विद्यालय पहुंचने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक-चंदन, आरती और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक 12 के पंच विक्रम भगत तथा विशिष्ट अतिथि वार्ड क्रमांक 13 की पंच श्रीमती बबीता भगत रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी टुमनू गोसाई ने की। इस अवसर पर संकुल शैक्षिक समन्वयक नेल्सन जॉन लकड़ा, शिक्षक प्रवीण मिंज, प्रधानपाठिका श्रीमती फिरदौस खानम, सहायक शिक्षक मुकेश कुमार, विद्यालय स्टाफ, पालकगण, ग्रामवासी एवं पूर्व छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों एवं पालकों का स्वागत किया। प्रधानपाठिका श्रीमती फिरदौस खानम ने स्वागत भाषण में विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक वातावरण और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि विक्रम भगत और अध्यक्षता कर रहे टुमनू गोसाई ने नवप्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर उनका स्वागत किया तथा पाठ्यपुस्तकें और गणवेश वितरित किए। अपने संबोधन में श्री गोसाई ने कहा कि आज के बच्चों को 21वीं सदी की चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और ये विद्यालय किसी भी निजी विद्यालय से कम नहीं हैं।

विशिष्ट अतिथि श्रीमती बबीता भगत ने नई शिक्षा नीति के अनुरूप बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास पर जोर देते हुए अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से मिलकर शिक्षा को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

प्रधानपाठिका फिरदौस खानम ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, स्वच्छता, अनुशासन और बड़ों के सम्मान का महत्व बताते हुए विद्यालय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

वहीं सहायक शिक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि आधुनिक प्रतिस्पर्धी दौर में हिंदी, अंग्रेजी और गणित की मजबूत नींव अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों के लिए अतिरिक्त इंग्लिश स्पोकन क्लास संचालित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में अंग्रेजी बोलने का आत्मविश्वास विकसित होगा और वे भविष्य की चुनौतियों का बेहतर सामना कर सकेंगे।

कार्यक्रम का संचालन भी मुकेश कुमार ने किया। अंत में प्रधानपाठिका फिरदौस खानम ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्रामवासियों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। विद्यालय प्रवेश उत्सव ने बच्चों के लिए शिक्षा के नए सफर की यादगार शुरुआत कर दी।

Leave Your Comment

Click to reload image