1 माह के मासूम को लेकर फरार हुई महिला गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
ताजा खबरें


बड़ी खबर

1 माह के मासूम को लेकर फरार हुई महिला गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

जशपुर:-जशपुर में एक माह के मासूम बच्चे की चोरी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। अस्पताल में भर्ती नवजात की मां और परिजनों का विश्वास जीतकर बच्चे को लेकर फरार हुई महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के शासकीय अस्पताल में एक माह के बच्चे की मां उपचार के लिए भर्ती थी। इसी दौरान तारा बाई नामक महिला ने परिजनों से मेलजोल बढ़ाया और खुद को मददगार बताकर उनका विश्वास जीत लिया। महिला ने बच्चे की बीमारी को झाड़-फूंक से ठीक करने का झांसा दिया और धीरे-धीरे परिवार के करीब पहुंच गई।

घटना वाले दिन महिला बच्चे की मां और दादी को खाना खिलाने के बहाने बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल ले गई। जब दोनों भोजन करने में व्यस्त थे, तब वह बच्चे को गोद में लेकर चुपचाप फरार हो गई। घटना सामने आने के बाद अस्पताल और परिजनों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली जशपुर में अज्ञात महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और संदिग्ध महिला की पहचान सुनिश्चित की। लगातार जांच के बाद पुलिस टीम आरोपी महिला तक पहुंची और उसे बगीचा थाना क्षेत्र के दातुनपानी गांव से हिरासत में लिया। उसके कब्जे से एक माह का मासूम बच्चा भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी तारा बाई ने बताया कि उसकी तीन शादियां हो चुकी हैं। पहले पति से उसके बच्चे हैं, लेकिन बाद की दोनों शादियों से उसे संतान नहीं हुई। कुछ समय पहले गर्भपात होने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी और बच्चा पाने की चाहत में अस्पतालों के आसपास घूमती रहती थी। इसी दौरान उसकी नजर उपचार के लिए आए दंपति और उनके नवजात बच्चे पर पड़ी। उसने योजनाबद्ध तरीके से परिवार का विश्वास जीता और मौका मिलते ही बच्चे को लेकर फरार हो गई।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपहरण से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं मासूम बच्चे के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave Your Comment

Click to reload image