अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर डीपाटोली प्राथमिक विद्यालय में दिया गया स्वास्थ्य जागरूकता का मंत्र, बच्चों-पालकों और ग्रामीणों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, लिया स्वस्थ, सशक्त एवं व्यसनमुक्त भारत निर्माण का संकल्प
कुनकुरी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकासखंड कुनकुरी के प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली में उत्साह और उमंग के साथ योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक, स्कूली बच्चे, पालक, विद्यालय के कर्मचारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास, प्राणायाम और ध्यान कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से प्रतिदिन सुबह कम से कम एक घंटा योग, प्राणायाम और ध्यान के लिए निकालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है तथा स्वस्थ नागरिक ही एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला रखते हैं।
प्रधान पाठक ने ग्रामीणों और पालकों से अपील करते हुए कहा कि विद्यालय में प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाले विशेष योग एवं प्राणायाम सत्र में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसका लाभ उठाएं और अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सहायक शिक्षक एवं योग प्रशिक्षक महेश तिर्की ने बच्चों और पालकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से शरीर निरोग रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। उन्होंने विभिन्न आसनों के लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन, व्यवस्था एवं निगरानी में विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। योग दिवस के इस आयोजन ने बच्चों, पालकों और ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति नई जागरूकता पैदा की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा देश को स्वस्थ, सशक्त और व्यसनमुक्त बनाने के लिए सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।
