"कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे"— शत-प्रतिशत विद्यालय उपस्थिति के संकल्प के साथ बरगांव में लगी शिक्षा चौपाल, पालकों और ग्रामीणों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील
जशपुर। शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय बरगांव के प्राचार्य जेडर राम मांझी के नेतृत्व में ग्राम बरगांव में जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्राम के गणमान्य नागरिकों, ग्रामीणों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री मांझी ने स्थानीय बोली में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय आने वाले सभी बच्चे भले ही किसी एक परिवार के न हों, लेकिन पूरे गांव के बच्चे हैं। इसलिए प्रत्येक ग्रामीण का यह दायित्व बनता है कि वह पालकों को प्रेरित करे और बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रोत्साहित करे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और गांव का विकास भी तभी संभव है जब हर बच्चा शिक्षित होगा। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं।
चौपाल में ग्राम कोटवार को भी निर्देशित किया गया कि वे मुनादी के माध्यम से गांव के लोगों को जागरूक करें तथा बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें।
जन चौपाल के माध्यम से शिक्षा के महत्व, सामुदायिक सहभागिता और बच्चों के भविष्य निर्माण को लेकर सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ। ग्रामीणों ने भी विद्यालय के इस अभियान में सहयोग देने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
