नए शिक्षा सत्र से पहले स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय नारायणपुर में चला स्वच्छता का महाअभियान, प्राचार्य के मार्गदर्शन में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर पूरा विद्यालय परिसर की सफाई
ताजा खबरें


बड़ी खबर

नए शिक्षा सत्र से पहले स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय नारायणपुर में चला स्वच्छता का महाअभियान, प्राचार्य के मार्गदर्शन में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर पूरा विद्यालय परिसर की सफाई

नारायणपुर, 13 जून 2026। नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ होने से पहले स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय नारायणपुर में शनिवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। जनपद सीईओ कुनकुरी के निर्देश एवं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती ए. तिग्गा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में विद्यालय परिसर, छात्रावास, खेल मैदान और आसपास के क्षेत्रों की विशेष साफ-सफाई की गई। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना रहा।

जनपद पंचायत कुसमी के निर्देशानुसार आयोजित इस स्वच्छता अभियान में ग्राम पंचायत नारायणपुर के जनप्रतिनिधियों, विद्यालय स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने श्रमदान करते हुए परिसर में फैली गंदगी को हटाया तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का परिचय भी दिया।

स्वच्छता अभियान के दौरान प्राचार्य श्रीमती ए. तिग्गा स्वयं पूरे समय उपस्थित रहीं और साफ-सफाई कार्यों में साथ देती रहीं। उन्होंने विद्यालय स्टाफ एवं उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि स्वच्छ विद्यालय ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहली पहचान है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण अत्यंत आवश्यक है।

उनके मार्गदर्शन में विद्यालय परिसर के प्रत्येक हिस्से की सफाई की गई। कक्षाओं के आसपास उगी झाड़ियों को हटाया गया, परिसर में फैले कचरे का निष्पादन किया गया तथा छात्रावास क्षेत्र को भी व्यवस्थित बनाया गया। अभियान के दौरान सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि विद्यालय को हमेशा स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नियमित रूप से ऐसे प्रयास लगातार किए जाएंगे।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नारायणपुर के सरपंच श्रीमती मुक्तिलता प्रधान,, उपसरपंच नवरतन बंग,शिक्षक इकबाल खान,उत्तम यादव,हेमंत प्रजापति, नोवेल तिग्गा,सचिव जगरन्नाथ जाय सवाल,पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्थानीय ग्रामीण एवं  विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं सक्रिय रूप से शामिल रहे। सभी ने एकजुट होकर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया।

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय नारायणपुर में आयोजित यह अभियान केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों और ग्रामीणों के बीच स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने आगामी दिनों में भी परिसर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के लिए लगातार अभियान जारी रखने की बात कही है।

Leave Your Comment

Click to reload image