छोटे अतरमुड़ा के किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार का गोरखधंधा, रायगढ़ पुलिस की सुनियोजित रेड में महिला दलाल समेत तीन गिरफ्तार
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने देह व्यापार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चक्रधरनगर क्षेत्र के छोटे अतरमुड़ा स्थित एक किराये के मकान में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर महिला दलाल सहित दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और नगद राशि भी जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटे अतरमुड़ा स्थित साईं मंगलम गली के पास एक किराये के मकान में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा एवं डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान में भेजा। निर्धारित संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। छापेमारी के दौरान मकान के बाहर मौजूद महिला ने अपना नाम गुंजन चौहान बताया। पुलिस द्वारा मकान की तलाशी लेने पर एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए, जबकि दूसरे कमरे में दो महिलाओं के साथ एक अन्य पुरुष मौजूद मिला।
पूछताछ में सामने आया कि गुंजन चौहान किराये का मकान लेकर युवतियों के माध्यम से देह व्यापार संचालित कर रही थी। महिला पुलिस कर्मचारियों द्वारा की गई तलाशी में आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई तथा पाइंटर द्वारा दिए गए 2,500 रुपये नगद भी जब्त किए गए। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों को संरक्षण में लिया तथा महिला दलाल सहित दो ग्राहकों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 300/2026 दर्ज कर अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 एवं 5 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।
कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी टीआई विजय चेलक, एएसआई भागीरथी चौधरी, ज्योत्सना शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, रेणु सिंह सहित साइबर सेल एवं थाना चक्रधरनगर की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस कार्रवाई के बाद एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं के शोषण एवं अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
