राष्ट्रीय खेलों में चमके कुनकुरी के शिक्षक महेश तिर्की, एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर बढ़ाया जशपुर का मान
नारायणपुर/जशपुर, 8 जून। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के एक शिक्षक ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर न केवल जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। शासकीय प्राथमिक शाला डीपाटोली में पदस्थ शिक्षक महेश तिर्की ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में आयोजित 14वें राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस उपलब्धि से शिक्षा विभाग, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
जानकारी के अनुसार संयुक्त भारतीय खेल संघ द्वारा 5 से 7 जून तक हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला एथलेटिक्स स्टेडियम में 14वें राष्ट्रीय खेल का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 2500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। संघ का उद्देश्य विभिन्न खेल विधाओं को एक मंच प्रदान कर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और लोगों में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य की ओर से 20 खिलाड़ियों की टीम ने भाग लिया। राज्य के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 8 स्वर्ण और 2 रजत पदक अपने नाम किए। इनमें जशपुर जिले के शिक्षक महेश तिर्की का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। उन्होंने 40 प्लस आयु वर्ग की 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि 400 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया।
महेश तिर्की खेल जगत में नया नाम नहीं हैं। वे लंबे समय से एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहे हैं और कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पांच बार राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए कई पदक भी अर्जित किए हैं। लगातार अभ्यास, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और खेल के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का मूल मंत्र रहा है।
शिक्षण कार्य के साथ-साथ महेश तिर्की युवाओं के शारीरिक विकास और खेल प्रशिक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। वे प्रतिदिन कुनकुरी के सलियाटोली खेल मैदान में उन युवाओं को प्रशिक्षण देते हैं जो पुलिस सेवा, सेना और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि अब तक चार युवाओं का चयन पुलिस विभाग में हो चुका है।
महेश तिर्की का मानना है कि स्वस्थ शरीर ही सफलता की पहली सीढ़ी है। वे युवाओं को नियमित व्यायाम, दौड़, योगाभ्यास तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हैं। उनका कहना है कि यदि युवा अनुशासित दिनचर्या अपनाएं और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें तो किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने बधाई दी है। प्रधान पाठक ने कहा कि महेश तिर्की की सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा है। खेलों में रुचि रखने वाले युवा उनसे मार्गदर्शन लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।
