करोड़ों की जमीन, लाखों के ट्रांजेक्शन और पारिवारिक विश्वासघात का सनसनीखेज खुलासा, व्यवसायी की शिकायत पर पत्नी और साला गिरफ्तार, संपत्ति हड़पने की कथित साजिश का पर्दाफाश
रायगढ़, 5 जून। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की संपत्ति और व्यवसाय से अर्जित धन के कथित गबन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यवसायी की शिकायत पर पुलिस ने उसकी पत्नी, साले और ससुर के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, गबन एवं आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है। मामले में पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार घरघोड़ा निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी सीमा बघेल, साला कृष्ण कुमार यादव और ससुर भरतलाल यादव ने योजनाबद्ध तरीके से उसकी मेहनत की कमाई और संपत्तियों पर कब्जा करने की साजिश रची। शिकायत की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। वर्ष 2008 में उसका विवाह सीमा यादव से हुआ था। व्यवसाय में सफलता मिलने के बाद उसके ससुर और साले का घर में आना-जाना बढ़ गया। उसने आरोप लगाया कि वह प्रतिदिन व्यवसाय से प्राप्त रकम अपनी पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए सौंपता था, लेकिन वर्ष 2014 में उसे संदेह हुआ कि कमाई के अनुरूप घर में धनराशि उपलब्ध नहीं है।
संदेह होने पर उसने अपने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। शिकायत के अनुसार कैमरों की फुटेज में उसकी पत्नी सीमा बघेल को आलमारी से नकदी निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को देते हुए देखा गया। जांच के दौरान पुलिस ने कृष्ण कुमार यादव के बैंक खातों की भी पड़ताल की, जिसमें लगभग 22 लाख रुपये के लेन-देन पाए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कृष्ण कुमार यादव बेरोजगार था, फिर भी उसके खाते में इतनी बड़ी राशि का ट्रांजेक्शन हुआ।
मामले का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू भूमि खरीद से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2022 में उसने तमनार क्षेत्र में ऐसी भूमि खरीदने की योजना बनाई थी, जिसके अधिग्रहण की संभावना थी और भविष्य में करोड़ों रुपये के मुआवजे तथा नौकरी मिलने की उम्मीद थी। आरोप है कि इस जानकारी का लाभ उठाते हुए पत्नी, साले और ससुर ने मिलकर दबाव बनाया और लगभग 13 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की जमीन सीमा बघेल के नाम पर पंजीकृत करा ली। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद उसकी अन्य संपत्तियों पर भी कब्जा करने के उद्देश्य से उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
एसडीओपी धरमजयगढ़ द्वारा की गई विस्तृत जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि आरोपियों ने एक राय होकर शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान पहुंचाने, उसकी रकम और संपत्ति पर अनुचित लाभ प्राप्त करने तथा उसकी मेहनत की कमाई का गबन करने का प्रयास किया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में नामजद तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र जैसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना और आर्थिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
