जशपुर नगर पालिका उपचुनाव के लिए मतदान दल रवाना, 1 जून को होगा मतदान, 1312 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर नगर पालिका उपचुनाव के लिए मतदान दल रवाना, 1 जून को होगा मतदान, 1312 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

जशपुरनगर, 31 मई 2026/ नगर पालिका परिषद जशपुर के वार्ड क्रमांक 8 एवं 14 में होने वाले उपचुनाव के लिए आज स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय जशपुरनगर से तीन मतदान दलों को रवाना किया गया। रिटर्निंग अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू की उपस्थिति में मतदान दल आवश्यक निर्वाचन सामग्री एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ अपने गंतव्य मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुएं।  इस अवसर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं एसडीएम जशपुर श्री विश्वास राव मस्के, सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय तथा सहायक अधीक्षक श्री राजेंद्र चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
    उपचुनाव के लिए कुल तीन मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। वार्ड क्रमांक 8 के लिए स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश माध्यम नवीन आदर्श विद्यालय जशपुर में मतदान केन्द्र क्रमांक 8 एवं 9 स्थापित किए गए हैं। वहीं वार्ड क्रमांक 14 के लिए शासकीय विजयभूषण सिंहदेव कन्या महाविद्यालय जशपुरनगर में मतदान केन्द्र क्रमांक 18 बनाया गया है। निर्वाचन कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी, तीन मतदान अधिकारी तथा एक सुरक्षा अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। दोनों वार्डों में कुल 1312 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान ईवीएम के माध्यम से 01 जून 2026 को प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक संपन्न होगा। मतों की गणना 04 जून 2026 को की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image