सरबकोम्बो के सुशासन तिहार शिविर में शिक्षा विभाग और छात्रावास व्यवस्था पर उठे सवाल, संकुल समन्वयक व हॉस्टल अधीक्षक के खिलाफ शिकायतों से क्षेत्र में चर्चा तेज
ताजा खबरें


बड़ी खबर

सरबकोम्बो के सुशासन तिहार शिविर में शिक्षा विभाग और छात्रावास व्यवस्था पर उठे सवाल, संकुल समन्वयक व हॉस्टल अधीक्षक के खिलाफ शिकायतों से क्षेत्र में चर्चा तेज

नारायणपुर/सरबकोम्बो। बगीचा विकासखंड के ग्राम सरबकोम्बो में बुधवार को आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में उस समय माहौल गरमा गया जब शिक्षा विभाग और  ट्राइबल विभाग से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने पहुंचीं। शिविर में आवेदन के माध्यम  से समस्याएं और नाराजगी प्रशासन के समक्ष रखी। शिक्षा व्यवस्था और छात्रावास संचालन को लेकर सामने आई शिकायतों ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन जनता की समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन कर रहा है, इसलिए अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शिविर में आई शिकायतों पर संबंधित विभाग कितनी गंभीरता से कार्रवाई करते हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बुटूंगा निवासी राजू शर्मा ने शिक्षा विभाग में लिखित शिकायत प्रस्तुत करते हुए बुटूंगा में पदस्थ संकुल समन्वयक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित संकुल समन्वयक शासन की मंशा और विभागीय निर्देशों के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संकुल स्तर पर समन्वय और निगरानी की जिम्मेदारी सही तरीके से नहीं निभाई जा रही है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि वर्तमान संकुल समन्वयक को प्रभार से हटाकर किसी अन्य जिम्मेदार अधिकारी को दायित्व सौंपा जाए ताकि स्कूलों में बेहतर समन्वय और शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

शिविर में यह शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों के बीच हलचल देखी गई। हालांकि अधिकारियों की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन शिकायत को जांच में लेने की चर्चा जरूर रही। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो इसका असर सीधे बच्चों की पढ़ाई और स्कूलों की कार्यप्रणाली पर पड़ेगा।

वहीं दूसरी ओर ट्राइबल विभाग के पास भी एक शिकायत आवेदन पहुंचा, जिसमें रंगपुर स्थित छात्रावास के अधीक्षक पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि यह आवेदन किसी गुमनाम व्यक्ति द्वारा सुशासन शिविर में जमा कराया गया। आवेदन में छात्रावास संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर असंतोष जताते हुए संबंधित अधीक्षक को हटाने की मांग की गई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि छात्रावास की व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गुमनाम आवेदन होने के बावजूद यह मामला पूरे शिविर में चर्चा का केंद्र बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि छात्रावास संचालन को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं तो प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लानी चाहिए। ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा रही कि सुशासन तिहार के दौरान जनता की शिकायतें सीधे प्रशासन तक पहुंच रही हैं, इसलिए इन मामलों में कार्रवाई भी पारदर्शी और प्रभावी होनी चाहिए।

सरबकोम्बो में आयोजित इस समाधान शिविर के बाद अब लोगों की नजर संबंधित विभागों की जांच प्रक्रिया और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाती है तो इससे शासन की मंशा के अनुरूप सुशासन की भावना मजबूत होगी, लेकिन यदि शिकायतें केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित रह गईं तो लोगों का भरोसा कमजोर पड़ सकता है। फिलहाल दोनों शिकायतें विभागीय स्तर पर पहुंच चुकी हैं और अब आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि प्रशासन इन मामलों में क्या कदम उठाता है।

सरबकोम्बो सुशासन शिविर में बुटूंगा संकुल समन्वयक की शिकायत का आवेदन मिला है,जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी

                               सुदर्शन पटेल

           विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी -बगीचा

"सुशासन शिविर में बुटूंगा हॉस्टल अधीक्षक की शिकायत पत्र मुझ तक नही आया है,शिकायत पत्र मिलते ही विधिवत जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित कार्यवाही  की जावेगी"।

                                      संजय सिंह 

                              सहायक आयुक्त - जशपुर

"सुशासन तिहार में प्राप्त शिकायत की जाँच करा कर  प्रतिवेदन के आधार पर कार्यवाही होगी ,की गई कार्यवाही की सूचना लिखित में शिकायत कर्ता को दी जायेगी !

                                       विनोद सिंह 

                               जनपद सीईओ -बगीचा

Leave Your Comment

Click to reload image