भारत की बदलती विदेश नीति पर शोध कर डॉ. नीलम मिश्रा ने हासिल की पीएचडी की उपाधि, क्षेत्र में खुशी का माहौल,बढ़ाया जिले का सम्मान
बैकुंठपुर। कोरिया जिले के ग्राम खैरी पटना की रहने वाली डॉ. नीलम मिश्रा ने "बदलते परिदृश्य में भारत की विदेश नीति का अध्ययन" विषय पर शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
डॉ. नीलम मिश्रा ने अपना शोध कार्य संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा अंबिकापुर से पूरा किया। उनका शोध केंद्र शासकीय राजमोहिनी देवी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर रहा। शोध कार्य राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं अध्ययन बोर्ड अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
डॉ. नीलम मिश्रा पिछले करीब 10 वर्षों से अतिथि व्याख्याता के रूप में शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं दे रही हैं। वे शासकीय हाई स्कूल झरनापारा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंडेली और शासकीय हाई स्कूल सावांरावां में अध्यापन कर चुकी हैं। वर्तमान में वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टेंगनी में पदस्थ हैं।
उन्होंने वर्ष 2019 में प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की, 2021-22 में कोर्स वर्क पूरा किया और वर्ष 2023 में शोध विषय का पंजीयन कराया। लगभग सात वर्षों की लंबी शोध यात्रा के बाद वर्ष 2026 में अंतिम मौखिक परीक्षा सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। अंतिम वायवा में बाह्य परीक्षक के रूप में डॉ. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर की राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. अनुपम शर्मा शामिल रहीं, जिन्होंने शोध को अत्यंत उपयोगी और समकालीन विषय पर आधारित बताया।
अपने शोध में डॉ. नीलम मिश्रा ने वर्ष 2014 के बाद भारत की विदेश नीति में आए बदलाव, वैश्विक कूटनीति में भारत की बढ़ती भूमिका, पड़ोसी देशों के साथ संबंध, रणनीतिक साझेदारी, आर्थिक एवं सुरक्षा नीति तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की सक्रिय भागीदारी का विस्तृत विश्लेषण किया है।
इस उपलब्धि पर डॉ. नीलम मिश्रा ने अपने माता-पिता, सास-ससुर, परिवार, गुरुजनों, विश्वविद्यालय प्रशासन, शोध निर्देशक, शोध केंद्र, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालय परिवार तथा प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. नीलम मिश्रा ग्राम खैरी पटना निवासी सेवानिवृत्त व्याख्याता आचार्य रामावतार मिश्र की पुत्रवधू तथा राष्ट्रपति पदक से सम्मानित "ट्रैफिक मैन" के नाम से प्रसिद्ध डॉ. महेश मिश्रा की धर्मपत्नी हैं। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षकों, सहकर्मियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
