भीषण गर्मी में बिजली विभाग की ‘आंख-मिचौली’ से नारायणपुर बेहाल , दिन-रात ट्रिपिंग से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पानी संकट और कारोबार पर भी पड़ा असर-विभागीय व्यवस्था पर उठे सवाल
ताजा खबरें


बड़ी खबर

भीषण गर्मी में बिजली विभाग की ‘आंख-मिचौली’ से नारायणपुर बेहाल , दिन-रात ट्रिपिंग से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पानी संकट और कारोबार पर भी पड़ा असर-विभागीय व्यवस्था पर उठे सवाल

नारायणपुर 18 मई 2026 । भीषण गर्मी के इस दौर में अघोषित बिजली कटौती और बिजली की लगातार आंख-मिचौली ने नारायणपुर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। दिन हो या रात, बार-बार बिजली ट्रिपिंग और घंटों सप्लाई बंद रहने से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति यह है कि कुछ मिनट बिजली आने के बाद फिर अचानक कट जा रही है। कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रहने से लोग परेशान होकर घरों से बाहर निकलने को मजबूर हैं। रात के समय लगातार बिजली कटने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को झेलनी पड़ रही है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पूरी रात हाथ वाले पंखे और खुले आसमान का सहारा लेने को मजबूर हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट का असर पेयजल व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बिजली नहीं रहने से कई लोगों के मोटर पंप बंद हो जा रहे हैं, जिससे पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। वहीं किसानों और ग्रामीण उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार ट्रिपिंग के कारण घरेलू उपकरण भी खराब होने लगे हैं।

बाजार क्षेत्र में भी बिजली संकट का असर साफ दिखाई दे रहा है। दुकानदारों और छोटे व्यापारियों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। गर्मी के कारण पहले ही बाजार में ग्राहकों की संख्या कम है, ऊपर से बिजली कटौती के चलते इलेक्ट्रॉनिक दुकानें, फोटो कॉपी सेंटर, वेल्डिंग कार्य और छोटे उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। कई व्यापारियों ने बताया कि अचानक बिजली बंद होने से मशीनें और उपकरण खराब होने का खतरा भी बना रहता है।

स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। बिजली की आंख मिचौली से दैनिक दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की बात कही है।

वहीं विद्युत विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ते बिजली लोड, तकनीकी खराबी और आगे की सप्लाई प्रभावित होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। विभाग का दावा है कि खराबी सुधारने और व्यवस्था को सुचारू करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। लेकिन भीषण गर्मी में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्स अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।

Leave Your Comment

Click to reload image