एक छोटी लापरवाही छीन सकती है पूरे परिवार की खुशियां” : जशपुर पुलिस ने हेलमेट जागरूकता बाइक रैली के माध्यम से दिया सड़क सुरक्षा का बड़ा संदेश, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवर स्पीड और यातायात नियमों की अनदेखी से बचने की अपील
जशपुर, 17 मई 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। “सुरक्षित सफर–सुरक्षित जीवन” थीम पर चल रहे इस महाअभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में हेलमेट जागरूकता बाइक रैली निकालकर हजारों लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं हेलमेट पहनकर बाइक रैली में भाग लिया तथा आम नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यह संदेश दिया कि सड़क पर सावधानी ही जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है।
जानकारी के अनुसार 16 मई 2026 को थाना बागबहार, कांसाबेल, तुमला, लोदाम, आस्ता तथा चौकी ऊपर कछार, पंडरापाठ, मनोरा, कोतबा एवं करडेगा क्षेत्र में हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई। वहीं 17 मई 2026 को थाना सन्ना, बगीचा, नारायणपुर, फरसाबहार एवं चौकी सोनक्यारी क्षेत्र में पुलिस द्वारा बाइक रैली के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। रैली के दौरान पुलिस जवानों ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की समझाइश दी। साथ ही शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, तेज रफ्तार से बचने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर हादसों में कमी लाना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। ऐसे में हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपाय लोगों की जान बचाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा लोगों को यह भी बताया गया कि सड़क पर वाहन चलाते समय की गई छोटी सी गलती किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदार नागरिक बनते हुए सुरक्षित वाहन संचालन करना चाहिए।
रैली के दौरान कई स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा सुरक्षित ड्राइविंग का संकल्प भी दिलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि सभी लोग नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जिलेभर में जारी रहेगा।
