पानी के लिए रोजाना संघर्ष कर रहे बैशाखूपारा के लोगों को मिली बड़ी राहत : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कैंप कार्यालय की संवेदनशील पहल से दूर हुई वर्षों पुरानी पेयजल समस्या,ग्रामीणों ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
नारायणपुर 15 मई 2026। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच ग्राम पंचायत सेंदरीमुंडा के वार्ड क्रमांक 7 बैशाखूपारा में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या आखिरकार दूर हो गई। लंबे समय से पानी की गंभीर किल्लत झेल रहे ग्रामीणों के लिए यह राहत किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। मुहल्ले में पानी की समस्या इतनी विकराल हो चुकी थी कि महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को रोजाना दूर जाकर पानी लाना पड़ता था। सुबह होते ही महिलाओं के सिर पर घड़े और हाथों में बाल्टियां दिखाई देती थीं। भीषण गर्मी में पानी की तलाश ग्रामीणों की सबसे बड़ी मजबूरी बन चुकी थी।
गांव के लोगों ने कई बार विभाग जे पास अपनी समस्या उठाई, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा था। आखिरकार ग्रामीणों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया तक अपनी आवाज पहुंचाने का निर्णय लिया। गांव के संतोष देहरी के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचा और बैशाखूपारा में हैंडपंप खनन कराने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की समस्या के कारण गांव में हालात बेहद खराब हैं और लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया ने तत्काल कार्रवाई की। आवेदन मिलते ही बिना किसी देरी के हैंडपंप खनन के लिए मशीन और टीम को गांव भेजा गया। प्रशासन की इस त्वरित पहल ने ग्रामीणों के चेहरे पर उम्मीद की नई किरण जगा दी।
कुछ ही समय में हैंडपंप खनन का कार्य पूरा हुआ और जैसे ही पानी निकला, पूरे बैशाखूपारा में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे और महिलाओं ने राहत की सांस ली। वर्षों से जिस समस्या ने गांव की दिनचर्या को प्रभावित कर रखा था, उसका समाधान होते ही लोगों में उत्साह का माहौल बन गया।
ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि पहले उन्हें सुबह-सुबह दूर-दराज के क्षेत्रों में पानी भरने जाना पड़ता था। कई बार घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ता था और गर्मी में काफी परेशानियां उठानी पड़ती थीं। अब मुहल्ला में ही हैंडपंप लग जाने से उनकी सबसे बड़ी चिंता दूर हो गई है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री की संवेदनशील कार्यशैली और मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि शासन की यह पहल बताती है कि सरकार गांव और गरीबों की समस्याओं को गंभीरता से सुन रही है और समाधान के लिए तत्परता से काम कर रही है।
समस्त ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामीणों ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में मिली यह सुविधा उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है और इससे पूरे बैशाखूपारा में राहत और खुशी का माहौल बना हुआ है।
