ट्रांसफार्मर हुआ खराब तपती रातों में तड़पा मटासी : 21 घंटे से अंधेरे में डूबी बस्ती, पानी के लिए मची हाहाकार, विभाग के कर्मचारी बोला- डीजल नहीं… ग्रामीण बोले- बिल लेने में आगे, सुविधा देने में फिसड्डी
ताजा खबरें


बड़ी खबर

ट्रांसफार्मर हुआ खराब तपती रातों में तड़पा मटासी : 21 घंटे से अंधेरे में डूबी बस्ती, पानी के लिए मची हाहाकार, विभाग के कर्मचारी बोला- डीजल नहीं… ग्रामीण बोले- बिल लेने में आगे, सुविधा देने में फिसड्डी

नारायणपुर 15 मई 2026। भीषण गर्मी के बीच नारायणपुर वितरक केंद्र अंतर्गत आने वाली मटासी बस्ती इन दिनों बिजली संकट से जूझ रही है। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे बस्ती में लगा ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया, जिसके बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप्प हो गई। शुक्रवार सुबह साढ़े 9 बजे तक भी ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। तेज गर्मी, उमस और अंधेरे के बीच पूरी रात लोगों ने बेहद मुश्किल हालात में गुजारी।

गांव में बिजली बंद होते ही सबसे पहले पेयजल संकट गहराने लगा। घरों में लगे मोटर बंद हो गए, पानी टंकी तक नहीं पहुंच सका और लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। गर्मी इतनी अधिक है कि दिन में घरों के भीतर बैठना मुश्किल हो रहा है, वहीं रात में बिजली नहीं रहने से लोग घरों के बाहर और आंगन में जागकर समय बिताने को मजबूर हैं। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान नजर आते  नजर आए ।

ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना बिजली विभाग को तुरंत दे दी गई थी, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि हर महीने समय पर बिजली बिल भेज दिया जाता है और उपभोक्ताओं से पूरा भुगतान भी लिया जाता है, लेकिन जब सुविधा देने की बारी आती है तो विभाग जिम्मेदारी से पीछे हट जाता है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर शहर में ऐसा हाल होता तो शायद कुछ ही घंटों में ट्रांसफार्मर बदल दिया जाता, लेकिन गांवों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता।

बिजली बंद होने से मोबाइल चार्ज करना भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। कई लोगों के मोबाइल बंद हो चुके हैं, जिससे संपर्क व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। दुकानदारों का कारोबार ठप पड़ गया है, वहीं छोटे बच्चों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। गर्मी और उमस के कारण पूरी रात लोगों की आंखों में कटी।

इधर बिजली विभाग के नारायणपुर स्टाफ ने सफाई देते हुए कहा कि कुनकुरी से नया ट्रांसफार्मर लाने में डीजल की समस्या आ रही है, डीजल किसी भी पंम्प में नही मिल रहा है जिसके कारण देरी हो रही है। वहीं दूसरी ओर नारायणपुर के जेई ने दावा किया कि सुबह 11 बजे तक ट्रांसफार्मर नारायणपुर पहुंच जाएगा और उसके बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर नया ट्रांसफार्मर लगाते हुए बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

अब गांव में चर्चा इस बात को लेकर तेज है कि आखिर विभाग के स्थानीय कर्मचारियों की बात सही है या अधिकारियों का आश्वासन। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बिजली बहाल नहीं होती, तब तक उनकी परेशानी कम नहीं होने वाली। 

फिलहाल भीषण गर्मी में मटासी बस्ती अंधेरे और परेशानी के दौर से गुजर रही है और ग्रामीणों की निगाहें बिजली विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image