ब्रेकिंग: सुशासन तिहार की धमाकेदार शुरुआत, जनता के बीच उतरेंगे मुख्यमंत्री — सीधे सुनेंगे लोगों की समस्या, योजनाओं का होगा ग्राउंड रियलिटी चेक
रायपुर 03 मई 2026। प्रदेश में सुशासन को धरातल पर परखने और जनता तक योजनाओं की असली तस्वीर जानने के लिए मुख्यमंत्री ने आज से अपने बहुप्रतीक्षित “सुशासन तिहार” अभियान का जोरदार आगाज कर दिया है। राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन हेलीपेड से मुख्यमंत्री अपने प्रदेशव्यापी दौरे पर रवाना हुए, जहां से अब वे सीधे गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचकर जनता से रूबरू होंगे।
इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि अब सरकार खुद लोगों के दरवाजे तक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री आम नागरिकों से सीधा संवाद कर यह जानने की कोशिश करेंगे कि जमीन पर योजनाएं कितनी कारगर साबित हो रही हैं और किन जगहों पर सुधार की जरूरत है। यानी अब फाइलों में नहीं, बल्कि हकीकत में सुशासन का परीक्षण होगा।
मुख्यमंत्री के इस दौरे में उनके साथ प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और विशेष सचिव रजत कुमार बंसल भी मौजूद हैं, जो पूरे अभियान के दौरान प्रशासनिक गतिविधियों पर नजर रखेंगे और मौके पर ही जरूरी निर्देश जारी करेंगे।
गौरतलब है कि 1 मई से शुरू हुआ “सुशासन तिहार” अभियान 10 जून तक लगातार चलेगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जनसंवाद, निरीक्षण और योजनाओं की समीक्षा का सिलसिला जारी रहेगा। सरकार का साफ संदेश है कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही प्राथमिकता होगी।
