शिक्षा के क्षेत्र में जशपुर का जलवा कायम : 5वीं में 99.90% और 8वीं में 99.61% रिजल्ट ने पूरे जिले को किया गौरवान्वित, जिला बना शिक्षा गुणवत्ता का नया मॉडल
जशपुर, 2 मई 2026। जिले में शिक्षा के क्षेत्र से एक बेहद सुखद और उत्साह बढ़ाने वाली खबर सामने आई है, जहां कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा के परिणामों ने पूरे जिले का मान बढ़ा दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा घोषित सत्र 2025-26 के परीक्षा परिणामों में विद्यार्थियों ने ऐसा शानदार प्रदर्शन किया है कि आंकड़े खुद सफलता की कहानी बयान कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कक्षा 5वीं में कुल 15,415 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 15,379 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 15,363 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इस तरह इस कक्षा का कुल परिणाम 99.90 प्रतिशत रहा, जो लगभग शत-प्रतिशत के बराबर है। वहीं कक्षा 8वीं में भी विद्यार्थियों ने पीछे नहीं रहते हुए दमदार प्रदर्शन किया। इस कक्षा में 15,173 छात्रों का पंजीयन हुआ, जिनमें से 14,997 परीक्षा में बैठे और 14,938 विद्यार्थी पास हुए। यहां कुल परिणाम 99.61 प्रतिशत दर्ज किया गया।
रिजल्ट के आंकड़े यह साफ संकेत दे रहे हैं कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता लगातार बेहतर हो रही है। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की है, जबकि द्वितीय और तृतीय श्रेणी में भी अच्छी संख्या में छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। पूरक या असफल विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम रहना इस बात का प्रमाण है कि शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन रंग ला रही है।
गौरतलब है कि यह परीक्षा 16 मार्च से 6 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थी, जिसमें जिले के शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया था। परीक्षा का संचालन राज्य शासन और लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशों के तहत किया गया था।
जिला शिक्षा अधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा है कि यह सफलता सामूहिक प्रयास का नतीजा है और आने वाले समय में जिले की शिक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी।
