घर के अंदर छिपाकर बना रखा था नशे का गोदाम… 6 कार्टून में 72 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, पुलिस की स ताबड़तोड़ रेड में अरुण यादव गिरफ्तार,NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
जशपुर, 29 अप्रैल 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हुए जशपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पत्थलगांव क्षेत्र में एक युवक द्वारा घर में भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप छिपाकर बेचने का मामला सामने आया, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को 28 अप्रैल को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कांसाबेल थाना क्षेत्र के ग्राम पोंगरो कोडाबहरी निवासी 27 वर्षीय अरुण यादव, पत्थलगांव के ग्राम चंदागढ़ स्थित अपने किराए के कमरे में अवैध रूप से नशीली कफ सिरप का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर भेजा।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ग्राम चंदागढ़ पहुंचकर संदिग्ध कमरे की घेराबंदी की और गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे के अंदर लकड़ी के तख्त के नीचे छिपाकर रखे गए छह कार्टून बरामद किए गए। इन कार्टूनों में 100-100 मिलीलीटर की कुल 720 बोतलें ‘ONEREX’ नामक प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप मिली, जिसकी कुल मात्रा 72 लीटर और अनुमानित कीमत ₹1,44,720 बताई गई है।
पूछताछ में पहले आरोपी टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने अवैध कारोबार की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर नशीली सिरप को जब्त किया। साथ ही उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
इस मामले में आरोपी अरुण यादव के खिलाफ थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ग) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को 28 अप्रैल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत पांडेय, सहायक उप निरीक्षक लखेश साहू, प्रधान आरक्षक कमलेश्वर वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि अपने आसपास हो रही किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
