मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से मिली राहत, निरमनी बाई के परिवार को मिला नया सहारा
ताजा खबरें


बड़ी खबर

मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से मिली राहत, निरमनी बाई के परिवार को मिला नया सहारा

जशपुर 28 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आ रही है। इस योजना के माध्यम से बकाया बिजली बिल से परेशान लोगों को छूट और आसान किस्तों की सुविधा मिल रही है।

दुलदुला विकासखंड के ग्राम कोरना निवासी श्रीमती निरमनी बाई का परिवार भी बढ़ते बिजली बिल से परेशान था। सीमित आय के कारण वे समय पर बिल का भुगतान नहीं कर पा रहे थे, जिससे बकाया राशि लगातार बढ़ती जा रही थी। ऐसे में उन्हें शासन की इस योजना की जानकारी मिली।

निरमनी बाई के पुत्र श्री कुलदीप राम ने योजना के तहत आवेदन किया। विभागीय सहयोग और सरल प्रक्रिया के चलते उन्हें शीघ्र ही योजना का लाभ मिला। परिवार का लगभग ₹17,000 का बकाया बिल योजना के अंतर्गत घटकर करीब ₹5,000 रह गया, जिससे उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली।

योजना के तहत बकाया राशि पर छूट, सरचार्ज की 100 प्रतिशत माफी और शेष राशि को आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा मिलती है। इससे अब परिवार नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करने में सक्षम हो गया है।

लाभान्वित कुलदीप राम ने बताया कि यह योजना आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी है और इससे उन्हें नई शुरुआत का अवसर मिला है। उन्होंने इसके लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave Your Comment

Click to reload image