जशपुर नगर के गम्हरिया विद्यालय में भावनाओं से भरा ऐतिहासिक विदाई समारोह—तीन अनुभवी कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई, पूरे परिसर में छाया गौरव और अपनापन का माहौल
जशपुर नगर 26 अफ़्रैल 2026 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गम्हरिया में उस समय भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जब वर्षों तक अपनी सेवाएं देकर शिक्षा जगत को समृद्ध करने वाले तीन कर्मयोगी—प्राचार्य राम कुमार पाठक, खेल शिक्षिका श्रीमती शोभावन्ती राठिया एवं कार्यालय सहायक रामेश्वरम राम—अपने सेवाकाल की पूर्णता पर सेवानिवृत्त हुए। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा एक भव्य एवं गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जो सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीयता से ओतप्रोत रहा।
समारोह के दौरान सहकर्मियों ने इन सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि इनका योगदान केवल शिक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इन्होंने विद्यालय के वातावरण को अनुशासन, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति से सुसज्जित किया। इनके अनुभव और मार्गदर्शन ने न केवल विद्यार्थियों का भविष्य संवारा, बल्कि सहकर्मी शिक्षकों को भी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
विदाई के इस भावुक क्षण में स्वयं सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षक-शिक्षिकाओं को जीवन में संतुलन बनाए रखने, कर्तव्य के प्रति निष्ठावान रहने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। उनके शब्दों में वर्षों की साधना और सेवा का अनुभव झलक रहा था, जिसने उपस्थित सभी को भावुक कर दिया।
विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ जीवन और निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व, कार्यशैली, समयपालन और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण सदैव सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। समारोह के अंत में स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई, जहां हर आंख नम थी, लेकिन दिल गर्व और सम्मान से भरा हुआ था।
