नारी शक्ति को नई उड़ान: लखपति दीदियों के लिए शुरू हुई ऐतिहासिक ‘भ्रमण योजना’, अब सीखेंगी कारोबार के गुर और करेंगी शक्ति पीठों के दर्शन”
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सुशासन सरकार नारी सशक्तीकरण को केवल नारों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उसे ज़मीन पर उतारते हुए महिलाओं के जीवन में ठोस बदलाव ला रही है। “लखपति दीदी” पहल से आर्थिक रूप से मजबूत बन चुकी महिलाओं के लिए अब एक और बड़ा कदम उठाया गया है— “लखपति दीदी भ्रमण योजना”।
इस नई योजना के तहत प्रदेश की लखपति दीदी बहनों को देश के सफल उद्यमों, उत्पादन इकाइयों और स्वयं सहायता समूहों का भ्रमण कराया जाएगा। इसका मकसद है कि महिलाएं न सिर्फ अपने अनुभव साझा करें, बल्कि नए बिजनेस मॉडल, आधुनिक तकनीक, मार्केटिंग और प्रबंधन के गुर भी सीख सकें। इससे उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने व्यवसाय को और ऊंचाइयों तक ले जा सकेंगी।
योजना की खास बात यह भी है कि आर्थिक सशक्तीकरण के साथ-साथ आध्यात्मिक सशक्तीकरण को भी जोड़ा गया है। भ्रमण के दौरान लखपति दीदी बहनों को विभिन्न शक्ति पीठों के दर्शन कराए जाएंगे, जिससे उन्हें आस्था, ऊर्जा और सकारात्मकता का संबल मिलेगा। सरकार का मानना है कि आत्मबल और आत्मनिर्भरता का यह संगम महिलाओं को और सशक्त बनाएगा।
गौरतलब है कि राज्य में पहले ही लाखों महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जो अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। अब इस नई पहल से इन महिलाओं को और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, जिससे वे सिर्फ आत्मनिर्भर ही नहीं बल्कि रोजगार देने वाली भी बन सकेंगी।
सुशासन सरकार का स्पष्ट संदेश है— “नारी का सम्मान, नारी का उत्थान ही आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की पहचान”।
“लखपति दीदी भ्रमण योजना” इसी सोच का सशक्त उदाहरण है, जो आने वाले समय में महिला उद्यमिता को नई दिशा और नई पहचान देने का काम करेगी।
