सांसद श्री राठिया ने केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करने के दिए निर्देश , जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक संपन्न
जशपुर 21 अप्रैल 2026/ जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक आज लोक सभा क्षेत्र रायगढ़ के सांसद श्री राधेश्याम राठिया की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई।
सांसद श्री राठिया ने सभी अधिकारियों को केन्द्र और राज्य शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने जल संरक्षण संवर्धन के कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए कहा ताकि भू-जल स्तर अच्छा हो सके और किसानों को खेती बाड़ी करने में आसानी हो।
जशपुर में सड़क दुघर्टना को रोकने के लिए भी बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा जशपुर के विकास कार्यों के लिए हर संभव सहायता करने की बात कही।
इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत,नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जुदेव जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शोर्य प्रताप सिंह जुदेव, कलेक्टर श्री रोहित व्यास वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह डीएफओ श्री शशि कुमार जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार और सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण बैठक में उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बताया कि बगीचा विकास खंड के नहरों का जीर्णोद्धार करने के लिए मनरेगा और जल संसाधन विभाग की टीम गठित की जाएगी और छुटे हुए नालों का चिन्हांकन किया जाएगा और शीघ्र ही प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा ताकि किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी की सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़कों के कार्यों को गंभीरता से लेते हुए समय सीमा में पूर्ण कर लिया जाएगा।
राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पात्र हितग्राहियों को पेंशन दिया जा रहा है।
जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत कुल 1 लाख 99 हजार 940 घरेलू नल कनेक्शन में 1 लाख 44 हजार 358 घरेलू नल कनेक्शन पूर्ण कर लिया गया है।
जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत 85 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया है।
एनआरएलएम योजना के तहत 1 लाख 45 हजार 775 दिए गए लक्ष्य में 1 लाख 39 हजार 651 पूर्ण कर लिया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 1 लाख 18 हजार 820 दिए गए लक्ष्य में से 90 हजार 630 आवास पूर्ण कर लिया गया है।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 2 हजार 40 दिए गए लक्ष्य में से 1 हजार 334 आवास पूर्ण कर लिया गया है।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत दिए गए 606 लक्ष्य में से 260 आवास पूर्ण कर लिया गया है।
सांसद श्री राठिया ने दिशा की बैठक में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, स्वस्थ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, महिला बाल विकास विभाग,मिड डे मील योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, खनिज न्यास निधि, एकीकृत विघुत विकास योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परंपरागत कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना,आदि विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा किए ।
