“ऑपरेशन शंखनाद” —हाईवे पर नाकाबंदी कर पुलिस ने गौ तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, 09 गौवंश सुरक्षित मुक्त, भागा तस्कर आखिरकार गिरफ्तार, पिकअप वाहन भी जब्त
ताजा खबरें


बड़ी खबर

“ऑपरेशन शंखनाद” —हाईवे पर नाकाबंदी कर पुलिस ने गौ तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, 09 गौवंश सुरक्षित मुक्त, भागा तस्कर आखिरकार गिरफ्तार, पिकअप वाहन भी जब्त

जशपुर, 16 अप्रैल 2026। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 09 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-FP-3193 को भी जब्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में कुछ लोग बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर जशपुर से लोदाम के रास्ते झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पतराटोली क्षेत्र में पहुंचकर जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन नजर आने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेजी से भगाते हुए भागने लगा।

पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। पीछा करते देख चालक भलामंडा तिराहा, राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के पास वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब पिकअप की जांच की तो उसमें 09 गौवंशों को ठूस-ठूस कर भरा हुआ पाया। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया और वाहन को जब्त कर लिया।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान इमरान खान (28 वर्ष), निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम के रूप में की। आरोपी की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत मामला दर्ज कर 15 अप्रैल 2026 को उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी इमरान खान आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध थाना लोदाम, नारायणपुर एवं कुनकुरी में गौ तस्करी और चोरी के कई मामले पूर्व से दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत तथा आरक्षक बसंत खुटिया, हेमंत कुजूर, महेश यादव और हरीश केवट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गौरतलब है कि जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दो सप्ताह में जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों—बगीचा, नारायणपुर, लोदाम, दोकड़ा, सोन क्यारी और आरा—में अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान कुल 82 गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया गया है तथा 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो पिकअप और एक ट्रक को भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (डीआईजी) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौ तस्करी को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया है और तकनीकी टीम की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और “ऑपरेशन शंखनाद” आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image