3 महीने में पैसा डबल” का सपना दिखाकर जशपुर में लाखों की ठगी — Hedgexfund नेटवर्क के नाम पर गांव-गांव घूमकर बुना गया विश्वास का जाल, डिजिटल वॉलेट में डॉलर दिखाकर उड़ाए लाखों रुपये, पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 6 आरोपी गिरफ्तार, कई और चेहरों से उठेगा पर्दा
ताजा खबरें


बड़ी खबर

3 महीने में पैसा डबल” का सपना दिखाकर जशपुर में लाखों की ठगी — Hedgexfund नेटवर्क के नाम पर गांव-गांव घूमकर बुना गया विश्वास का जाल, डिजिटल वॉलेट में डॉलर दिखाकर उड़ाए लाखों रुपये, पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 6 आरोपी गिरफ्तार, कई और चेहरों से उठेगा पर्दा

जशपुर, 14 अप्रैल 2026। जिले के बगीचा और सन्ना क्षेत्र में “रुपया दोगुना” करने का लालच देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। hedgexfund नामक कथित नेटवर्क कंपनी के जरिए ग्रामीणों को निवेश के नाम पर फंसाने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में ठगी की रकम लाखों में पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, वहीं पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है।

पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब बगीचा थाना क्षेत्र की ग्राम कापू टोली निवासी 26 वर्षीय उर्मिला बाई ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बगीचा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान लोदाम थाना क्षेत्र के रूपसेरा भलमंडा निवासी मीनी बाई और कालेश्वर राम से हुई थी। कुछ समय बाद ये दोनों अपने अन्य साथियों शिवशंकर राम और नीरा सिंह के साथ उर्मिला की मां चंद्रमणि बाई के घर पहुंचे और खुद को hedgexfund नेटवर्क कंपनी का सदस्य बताते हुए निवेश करने का प्रस्ताव दिया।

आरोपियों ने बड़ी चालाकी से ग्रामीणों का विश्वास जीतते हुए दावा किया कि महज 3 महीने में पैसा दोगुना हो जाएगा और अगर ऐसा नहीं हुआ तो ब्याज सहित रकम वापस की जाएगी। इस झांसे में आकर उर्मिला बाई और उसकी मां समेत कई ग्रामीणों ने अपनी गाढ़ी कमाई आरोपियों को सौंप दी। उर्मिला बाई ने अलग-अलग तारीखों में कुल 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से दिए, जबकि उसकी मां ने भी 40 हजार रुपये निवेश किए।

रुपये लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को hedgexfund के नाम से आईडी और पासवर्ड देकर एक ऑनलाइन वॉलेट दिखाया, जिसमें रकम डॉलर में बढ़ती हुई दिखाई देती थी। इससे ग्रामीणों को भरोसा हो गया कि उनका पैसा सच में बढ़ रहा है। लेकिन कुछ ही समय बाद यह वॉलेट अचानक बंद हो गया और आरोपियों ने पैसे लौटाने में टालमटोल शुरू कर दी। तब जाकर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने इसी तरह बगीचा और सन्ना क्षेत्र के कई ग्रामीणों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भा.द.वि. की धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस ठगी गिरोह से जुड़े 6 आरोपियों – शिवशंकर राम (29), मीनी बाई (52), कालेश्वर राम (48), अनिल लकड़ा (50), शिवनाथ राम (27) और नीरा सिंह (36) को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी शिवशंकर राम के कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार (क्रमांक JH-01FU-9460) भी जब्त की है। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क के जरिए और भी लोगों से ठगी की गई है, जिसकी जांच जारी है।

इस पूरे मामले में एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार कामरे, नरेश मिंज और महिला आरक्षक लीलावती यादव की अहम भूमिका रही।

वहीं, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा है कि “रुपये दोगुने करने के नाम पर ठगी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Leave Your Comment

Click to reload image