शादी की खुशियां अगले ही दिन मातम में तब्दील: टेंट सामान लेकर जा रहा नवविवाहित युवक दर्दनाक हादसे का शिकार, ब्रेक फेल ट्रैक्टर पलटने से रास्ते में ही हुई मौत, तीन साथी गंभीर घायल
जशपुर, 11 अप्रैल 2026। जिले के सीमावर्ती कापू थाना क्षेत्र के ठाकुरपोड़ी गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने शादी की खुशियों को देखते ही देखते मातम में बदल दिया। टेंट सामान से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दबकर एक नवविवाहित युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान देवांगन सिदार के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज एक दिन पहले ही बड़े धूमधाम से संपन्न हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद बचे टेंट सामान को लौटाने के लिए देवांगन अपने तीन दोस्तों के साथ ट्रैक्टर से पास के गांव जा रहा था। रास्ते में एक ढलान पर अचानक ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन चालक का नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो गया और ट्रैक्टर पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर में सवार चारों युवक उसके नीचे दब गए और बुरी तरह घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने देवांगन सिदार की हालत बेहद नाजुक देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वहीं, हादसे में घायल तीनों अन्य युवकों का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनकी स्थिति फिलहाल गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे ठाकुरपोड़ी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में एक दिन पहले तक शादी की खुशियां, हंसी-खुशी और जश्न का माहौल था, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है। नवविवाहिता के हाथों की मेहंदी अभी सूखी भी नहीं थी कि उसके सुहाग का साया हमेशा के लिए उठ गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं। पत्थलगांव पुलिस ने मामले में शून्य पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
