सरकारी पीडीएस बारदानों में लाखों का खेल:पीडीएस बारदानों की हेराफेरी कर लाखों डकारे, जांच में खुली पोल , आरोपी और खरीदार दोनों पहुंचे सलाखों के पीछे
ताजा खबरें

बड़ी खबर

सरकारी पीडीएस बारदानों में लाखों का खेल:पीडीएस बारदानों की हेराफेरी कर लाखों डकारे, जांच में खुली पोल , आरोपी और खरीदार दोनों पहुंचे सलाखों के पीछे

जशपुर, 26 मार्च 2026। जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत उपयोग किए जाने वाले बारदानों (बोरियों) के गबन का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें करीब 8 लाख 39 हजार 500 रुपए मूल्य के 33 हजार 850 नग बारदानों के गबन का खुलासा हुआ है। इस मामले में जशपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी रिजवान अली तथा बारदानों के खरीददार सुधीर साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अजय कुमार ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित जशपुर ने दिनांक 08 सितंबर 2025 को थाना कांसाबेल में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उल्लेख किया गया था कि वर्ष 2022-23 में शासकीय उचित मूल्य दुकानों से PDS बारदानों के संकलन एवं परिवहन के लिए आरोपी रिजवान अली को अनुबंध के आधार पर कार्य सौंपा गया था। संकलन के दौरान आरोपी द्वारा विकासखंड कांसाबेल के विभिन्न उचित मूल्य दुकानों से बारदान एकत्रित किए गए, लेकिन उन्हें नियमानुसार विपणन संघ के कुनकुरी गोदाम तक नहीं पहुंचाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जशपुर द्वारा जांच कमेटी गठित कर जांच कराई गई। जांच में यह पाया गया कि आरोपी रिजवान अली ने कुल 33 हजार 580 नग बारदान, जिनकी कीमत प्रति नग 25 रुपए के हिसाब से 8 लाख 39 हजार 500 रुपए होती है, को गोदाम में जमा न कर शासकीय संपत्ति का गबन कर लिया। जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना कांसाबेल में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 408, 420 एवं 411 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक (डीआईजी) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई, जिसे सूरजपुर और अंबिकापुर रवाना किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी रिजवान अली को सूरजपुर से तथा बारदानों के खरीददार सुधीर साहू को अंबिकापुर से हिरासत में लेकर जशपुर लाया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक MP 65-GA-0244 तथा लगभग 4000 नग बारदान भी बरामद कर जब्त किए हैं।

मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है तथा शेष बारदानों की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव, आरक्षक राजकुमार भगत, सुभाष चंद्र बोस एवं नगर सैनिक जोगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच कर रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image