कुनकुरी में सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन की ब्लॉक स्तरीय बैठक सह सम्मान समारोह सम्पन्न — TET अनिवार्यता के खिलाफ एकजुट हुए शिक्षक, सदस्यता अभियान तेज करने का लिया संकल्प
ताजा खबरें

बड़ी खबर

कुनकुरी में सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन की ब्लॉक स्तरीय बैठक सह सम्मान समारोह सम्पन्न — TET अनिवार्यता के खिलाफ एकजुट हुए शिक्षक, सदस्यता अभियान तेज करने का लिया संकल्प

नारायणपुर/कुनकुरी, 23 मार्च 2026।
सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन कुनकुरी द्वारा ब्लॉक स्तरीय बैठक सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस बैठक में क्षेत्र के शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर संगठन की मजबूती और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा की।

बैठक का मुख्य मुद्दा TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता रहा, जिसके खिलाफ संगठन के माध्यम से जोरदार आवाज उठाने का निर्णय लिया गया। उपस्थित शिक्षकों ने एकमत होकर कहा कि इस विषय पर चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान को तेज करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सहायक शिक्षक श्री महेश कुमार तिर्की का सम्मान रहा। श्री तिर्की, जो कि शासकीय प्राथमिक शाला डीपाटोली में पदस्थ हैं, ने हाल ही में 20 से 22 मार्च तक चंडीगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया नेशनल मास्टर गेम्स में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने 40+ आयु वर्ग की 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक तथा 30+ आयु वर्ग की 4×100 मीटर रिले रेस में रजत पदक हासिल कर जिले और राज्य का नाम गौरवान्वित किया।

उनकी इस उपलब्धि को शिक्षकों ने गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन और संघर्ष का परिणाम है। इस उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने न केवल शिक्षकों बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।

ज्ञात हो कि श्री तिर्की पूर्व में भी ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज एथलेटिक्स चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और कई पदक अपने नाम कर चुके हैं।

कार्यक्रम के दौरान फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा श्री तिर्की का पुष्पमाला एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष भरत कुमार यादव, संगठन के संरक्षक देवराज यादव, जिला कार्यकारिणी सदस्य अरविंद निराला, महासचिव अताउल हकराईन, रोशन सोरेंग, फुलधर राम, ब्रह्मदत्त चौहान, अनुग्रह कुजूर सहित नारी शक्ति के रूप में सुश्री फाबियोला एक्का, श्रीमती तरुण कांति टोप्पो, कांति तिर्की, नीता कुजूर, एंजलिना कुजूर, नीतू भगत एवं अन्य शिक्षक साथी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में श्री महेश कुमार तिर्की द्वारा सभी उपस्थित शिक्षकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई, जिसके साथ ही बैठक का समापन हुआ।

Leave Your Comment

Click to reload image