धूमधाम से मनाई गई तहसील स्तरीय मां कर्मा जयंती - साहू समाज की एकजुटता बनी मिसाल, समाज और क्षेत्र के विकास में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी
???? राजनांदगांव/छुरिया।
तहसील क्षेत्र के ग्राम आटरा (भकुर्रा) में विगत दिनों साहू समाज द्वारा तहसील स्तरीय भव्य मां कर्मा जयंती समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ साहू समाज की तहसील, परिक्षेत्रीय एवं ग्रामीण इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव की माताओं एवं बहनों द्वारा भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। पारंपरिक वेशभूषा और गाजे-बाजे के साथ निकली इस कलश यात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। यात्रा का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष हुकुम सिंह साहू, सचिव महेंद्र साहू एवं जाकेश साहू ने किया।
कलश यात्रा के पश्चात आयोजन स्थल पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोकनृत्य, गीत-संगीत और प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इसके बाद प्रमुख अतिथियों द्वारा मां कर्मा की पूजा-अर्चना कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का पारंपरिक तरीके से फूलमाला, श्रीफल, गमछा एवं तिलक लगाकर स्वागत-सम्मान किया गया।
अतिथियों ने दिया सामाजिक सुधार का संदेश
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने अपने उद्बोधन में साहू समाज को प्रदेश का शिक्षित, संगठित और अनुशासित समाज बताते हुए सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने की बात कही। साथ ही सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली बच्चों की सहायता का संकल्प भी लिया गया।
विकास कार्यों को लेकर बड़ी घोषणा
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण रविन्द्र वैष्णव ने समाज एवं ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि क्षेत्र एवं गांव के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। सामुदायिक भवन एवं कलामंच निर्माण कार्य नए वित्तीय वर्ष में प्राथमिकता के साथ कराए जाएंगे।
इस अवसर पर समाज के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और संगठन की मजबूती का सशक्त संदेश दिया।
