कुनकुरी में भाजपा का दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया, एआई और नमो ऐप के उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण
कुनकुरी/नारायणपुर 14 मार्च 2026 । भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत कुनकुरी ग्रामीण मंडल द्वारा दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन अग्रसेन भवन कुनकुरी में 12 एवं 13 मार्च को किया गया। प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन शुक्रवार को विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा, बूथ प्रबंधन तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कुनकुरी के पूर्व विधायक रोहित साय, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश शर्मा तथा जिला उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं के समर्पण तथा अनुशासन के कारण ही पार्टी लगातार जनसेवा के कार्यों में अग्रणी बनी हुई है।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों में विषय विशेषज्ञों ने कार्यकर्ताओं को अलग-अलग विषयों पर मार्गदर्शन दिया। पंचम सत्र में इतिहास एवं विकास विषय पर भाजपा जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने अपने विचार रखते हुए भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, देश के विकास में पार्टी की भूमिका तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और कार्यकर्ताओं को इसी सोच के साथ कार्य करना चाहिए।
इसके बाद आयोजित षष्ठम सत्र में केशव यादव ने बूथ प्रबंधन पर कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना ही किसी भी चुनाव में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। बूथ कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समन्वय से ही पार्टी की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सकता है।
सप्तम सत्र में विनोद निकुंज ने सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नमो ऐप और सरल ऐप के उपयोग के बारे में कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यमों की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए संगठन के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम सत्र में कुनकुरी के पूर्व विधायक रोहित साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक कार्यों में अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रतिबद्धता से ही संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण में मिली जानकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लागू करने के लिए प्रेरित किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री संतोष सहाय, जिला पंचायत सदस्य अनीता सिंह एवं मलिता बाई, उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष अनूप नारायण सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीण मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, मंडल महामंत्री शंकर यादव एवं शिवशंकर सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने, संगठन के विस्तार को गति देने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
