स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सख्ती : रणजीता स्टेडियम में यातायात पुलिस व आरटीओ का संयुक्त अभियान, 17 स्कूल बसों की जांच
जशपुर, 08 मार्च 2026। जिले में स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस जशपुर एवं जिला परिवहन विभाग द्वारा रविवार को संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जशपुर नगर के रणजीता स्टेडियम परिसर में आयोजित किया गया, जहां कमर्शियल बसों और स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में डीएसपी यातायात के.आर. चौहान, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्रा एवं यातायात शाखा जशपुर की टीम द्वारा यह विशेष अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान स्कूली बसों एवं कमर्शियल वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने वाहनों की फिटनेस, इंश्योरेंस, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया। इसके साथ ही बसों की मैकेनिकल स्थिति की भी बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान ब्रेक सिस्टम, इंडिकेटर, हेडलाइट, इमरजेंसी एग्जिट, फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान बस संचालकों एवं चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने उन्हें ओवरलोडिंग नहीं करने, वाहन की नियमित जांच कराने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिन वाहनों में तकनीकी या दस्तावेज संबंधी कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए तथा आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
अभियान के दौरान कुल 17 स्कूली वाहनों की जांच की गई। इस दौरान अधिकारियों ने बस संचालकों को भविष्य में नियमों का उल्लंघन न करने की चेतावनी भी दी।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा जशपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई वाहन संचालक सुरक्षा संबंधी निर्देशों की अनदेखी करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे संयुक्त जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
