ब्रेकिंग न्यूज : जशपुर में भीषण सड़क हादसा: अनमोल यात्री बस पलटी, कई यात्री घायल — 5 की मौत की आशंका, इलाके में मची अफरा-तफरी

जशपुर/नारायणपुर 06 मार्च 2026 । जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। करडेगा से कुनकुरी की ओर आ रही अनमोल यात्री बस क्रमांक CG 14 G 0263 दुलदुला थाना क्षेत्र के गोडाअम्बा गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब दो दर्जन यात्री सवार बताए जा रहे थे। बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक अनमोल यात्री बस करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान गोंडा अम्बा गांव के पास अचानक बस चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त बताई जा रही है कि कई यात्री बस के भीतर ही फंस गए थे। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 17 लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है। वहीं अपुष्ट जानकारी के अनुसार 5 लोगों की मौत की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी के एसडीएम श्री नन्द जी, पुलिस बल और राहत-बचाव की टीम मौके पर पहुंच गई है। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है और लोगों की भीड़ मौके पर जुटी हुई है।
