होली से पहले जशपुर पुलिस का महाअभियान: अवैध शराब कारोबारियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, 23 से अधिक प्रकरण दर्ज, 100 लीटर से ज्यादा शराब जब्त
जशपुर, 02 मार्च 2026। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में अवैध शराब के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में बीते दो दिनों के भीतर पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में छापामार कार्रवाई करते हुए 100 लीटर से अधिक कच्ची महुआ, देसी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस दौरान 23 से अधिक प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र में 01 मार्च को पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए सात अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 50 लीटर देसी महुआ शराब जब्त की गई। सात आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थाना पत्थलगांव क्षेत्र में भी पुलिस ने सुड़कीपारा, तमता, गोड़ी कला, गाला, बहना टांगर, चिडरापारा, करंगाबहला और बैगापारा पाकरटोली में दबिश दी। यहां कुल आठ प्रकरण दर्ज करते हुए 54 लीटर कच्ची महुआ और अंग्रेजी शराब जब्त की गई। उर्मिला मिंज (48 वर्ष), भानुप्रताप सिंह (35 वर्ष), नान बाई लहरे (30 वर्ष), शिवकुमार मांझी (30 वर्ष), अतुल मिंज (30 वर्ष), सुमित्रा चौहान (40 वर्ष) और कमलसाय लकड़ा (45 वर्ष) के विरुद्ध धारा 34(1)(क)(ख) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं संतोष कुमार बंजारा (30 वर्ष) के पास से 35 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद होने पर उसके विरुद्ध धारा 34(2) के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है।
थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम बरपानी में आरोपी बिरसा मुनी साय (50 वर्ष) के पास से बिक्री के लिए रखी गई चार लीटर बीयर जब्त कर धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। थाना बागबहार के मयूर नाचा क्षेत्र में सीता (24 वर्ष) के विरुद्ध घर पर शराब पिलाने के मामले में धारा 36(ग) के तहत कार्रवाई करते हुए 100 एमएल कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
थाना फरसाबहार क्षेत्र के भगोरा तिराहा में सार्वजनिक स्थल पर शराब सेवन करते पाए जाने पर रामदास राम (47 वर्ष) निवासी भगोरा के खिलाफ धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई। थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम महादेवडांड और डूमरटोली में दो अलग-अलग मामलों में कुल सात लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई तथा सहोदा सारथी (40 वर्ष) और जागेश्वर विश्वकर्मा (40 वर्ष) के विरुद्ध धारा 31(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम डबनीपानी में विधि कुमार सिदार (30 वर्ष) के पास से चार लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर धारा 34(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं दोकड़ा क्षेत्र के ग्राम बासबहार में सांझरू साय (50 वर्ष) के कब्जे से तीन लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशाखोरी या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशामुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि आगामी दिनों में भी यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
