रंगों की उमंग और इबादत की रौनक के बीच जशपुर में शांति का संकल्प — होलिका दहन, होली और ईद-उल-फितर को सौहार्दपूर्ण बनाने प्रशासन-पुलिस की संयुक्त रणनीति,जनप्रतिनिधि, व्यापारी और नागरिकों ने लिया भाईचारे से पर्व मनाने का संकल्प,
जशपुर 28 फरवरी 2026/ आगामी होलिका दहन, होली एवं ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया।
अपर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को त्योहारों के दौरान अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही रेड क्रॉस सोसाइटी को आपातकालीन स्थिति के मद्देनजर पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पर्यटन स्थलों, नदी-झरनों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था एवं गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी तथा पुलिस बल द्वारा लगातार गश्त की जाएगी। नशा कर वाहन चलाने, ओवरस्पीड तथा हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हेलमेट जांच अभियान भी निरंतर संचालित किया जाएगा। साथ ही व्यवसायियों को सड़क किनारे दुकान नहीं लगाने के लिए कहा। ताकि सड़क जाम की स्थिति न बने।
बैठक में नगर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, जनप्रतिनिधि, व्यवसायी, आम नागरिकगण एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सभी पर्व आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।
