नवा रायपुर से बड़ी प्रशासनिक फेरबदल: 11 आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव, कई जिलों में नई जिम्मेदारियां,बलौदाबाजार-भाटापारा और कोरबा में अहम पदस्थापन
रायपुर 28 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय, महानदी भवन से जारी आदेश में भारतीय प्रशासनिक सेवा (भा.प्र.से.) के 11 अधिकारियों के प्रभार और पदस्थापना में बदलाव किया है। आदेश के तहत कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक नई पदस्थापना दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. सी.आर. प्रसन्ना (भा.प्र.से. 2006), जो वर्तमान में सचिव, सहकारिता विभाग तथा अति. प्रभार सचिव, माननीय राज्यपाल हैं, उन्हें उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आयुक्त, सहकारिता एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
श्री कुलदीप शर्मा (भा.प्र.से. 2014), रजिस्ट्रार, सहकारी संस्थाएं तथा अति. प्रभार प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन को अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यन्त कलेक्टर, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के पद पर पदस्थ किया गया है।
इसी तरह श्री तीर्थराज अग्रवाल, विशेष सहायक, माननीय मंत्री वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता विभाग को उप सचिव, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के पद पर अस्थायी रूप से पदस्थ करते हुए उप सचिव, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सुश्री लीना कोसम, परीक्षा नियंत्रक, लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर को यथावत उनके पद पर पदस्थ किया गया है। साथ ही उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से परीक्षा नियंत्रक, लोक सेवा आयोग के असंवर्गीय पद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (वेतन) नियम 2016 के नियम-12 के तहत वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष घोषित किया गया है।
श्री सौमिल रंजन चौबे, उप सचिव, कृषि विभाग तथा श्री बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, अपर कलेक्टर, नारायणपुर को उनके वर्तमान पदों पर ही अस्थायी रूप से यथावत पदस्थ किया गया है।
श्री सुमीत अग्रवाल, आयुक्त, नगर पालिक निगम, दुर्ग तथा श्री संदीप कुमार अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, बिलासपुर को भी उनके वर्तमान पदों पर आगामी आदेश तक यथावत रखा गया है।
श्री आशीष कुमार टिकरिहा, विशेष सहायक, माननीय मंत्री वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग को अस्थायी रूप से प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से इस पद को भी भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित किया गया है।
श्री ऋषभ कुमार पाराशर, उप सचिव, वित्त विभाग को यथावत पद पर रखा गया है। वहीं श्री तरुण कुमार किरण, राज्य कर उपायुक्त, कार्यालय आयुक्त, राज्य कर मुख्यालय, नवा रायपुर को अस्थायी रूप से विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, कार्यालय कलेक्टर, जिला कोरबा के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से इस पद को भी वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस आदेश को प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे विभिन्न विभागों और जिलों में कार्य संचालन की गति और जवाबदेही पर सीधा प्रभाव पड़ेगा।
