पशु चिकित्सा विभाग में 1.07 करोड़ की गड़बड़ी! अम्बिकापुर में सहायक ग्रेड-02 पर एफआईआर, धारा 409 के तहत आपराधिक मामला दर्ज
ताजा खबरें

बड़ी खबर

पशु चिकित्सा विभाग में 1.07 करोड़ की गड़बड़ी! अम्बिकापुर में सहायक ग्रेड-02 पर एफआईआर, धारा 409 के तहत आपराधिक मामला दर्ज


अम्बिकापुर 27 फरवरी 2026/ कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग, अम्बिकापुर जिला सरगुजा में शासकीय राशि के गबन के गंभीर मामले में थाना सिटी कोतवाली अम्बिकापुर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

उप संचालक डॉ. आर.पी. शुक्ला द्वारा प्रस्तुत आवेदन एवं जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर सहायक ग्रेड-02 एवं प्रभारी लेखा शाखा श्री प्रदीप कुमार अम्बष्ट के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यालयीन अभिलेखों के परीक्षण के दौरान वित्तीय अनियमितता की आशंका पर पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं जिला पशु रोगी कल्याण समिति की राशि सहित कुल 1,07,84,340 रुपये (एक करोड़ सात लाख चौरासी हजार तीन सौ चालीस रुपये) शासकीय बैंक खातों में जमा न किए जाने की पुष्टि की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली अम्बिकापुर में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image