जशपुर पुलिस की सख्त चेतावनी – “होली में हुड़दंग किया तो सीधा होगा एक्शन”, डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश
ताजा खबरें

बड़ी खबर

जशपुर पुलिस की सख्त चेतावनी – “होली में हुड़दंग किया तो सीधा होगा एक्शन”, डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश

 गौ-तस्करी, नशे के कारोबार, जुआ-सट्टा पर कसेगा शिकंजा – सीमाओं पर नाकाबंदी, फ्लैग मार्च और विजिबल पुलिसिंग के आदेश

 “कोई फरियादी निराश न लौटे” – लंबित अपराध, चालान और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के लिए थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत

जशपुर, 26 फरवरी 2026।
पुलिस कार्यालय जशपुर में आज अपराध समीक्षा बैठक के दौरान जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बड़े फैसले लिए गए। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अनुविभागवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी जाए।

बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। लंबित अपराध, चालान, मर्ग और शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पुराने प्रकरणों का अभियान चलाकर त्वरित निराकरण किया जाए। विवेचकों की कार्यप्रणाली की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए।

होली पर सख्ती – हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर

डीआईजी ने कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने और उपद्रवियों, निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। पैदल मार्च, कॉम्बिंग गश्त और शाम के समय विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।

सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी, तस्करों पर त्वरित                                 कार्रवाई

गौ-तस्करी, अवैध शराब, गांजा, नशीली दवाओं, जुआ-सट्टा जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीमावर्ती क्षेत्रों और अंतरराज्यीय मार्गों पर बेरियर लगाकर सघन चेकिंग करने की बात कही गई। अवैध परिवहन में शामिल वाहनों और एजेंटों पर निगरानी रखकर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए विशेष          अभियान

दुपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर तेज रफ्तार चलाने वालों, ओवरस्पीड और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मालवाहकों में सवारी बैठाने वालों पर भी सख्ती बरती जाएगी। थाना प्रभारियों को नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

 “फरियादी की सुनवाई ही पुलिस की प्राथमिकता”

डीआईजी एवं एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कोई भी शिकायतकर्ता थाना से निराश होकर न लौटे। सभी के साथ शालीनता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो। थाना स्तर पर शिकायतों का समाधान किया जाए ताकि लोगों को वरिष्ठ कार्यालय तक न आना पड़े।

 मुखबिर तंत्र होगा और मजबूत

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने, विश्वसनीय सूत्रों का नेटवर्क बढ़ाने और सूचना देने वालों की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल सत्यापन कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल सहित सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

जशपुर पुलिस ने साफ कर दिया है – त्योहार खुशियों का होगा, लेकिन कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए सख्ती तय है। 

Leave Your Comment

Click to reload image