कुनकुरी जनपद में उप सरपंचों की ऐतिहासिक एकजुटता : 51 ग्राम पंचायतों ने मिलकर बनाया शक्तिशाली उप सरपंच संघ, रायकेरा के गुलाब यादव सर्वसम्मति से बने अध्यक्ष , खारीझरिया की ममता बाई को मिली सचिव पद की जिम्मेदारी
नारायणपुर : , 26 फरवरी 2026।
जनपद पंचायत कुनकुरी के सभागार में आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब क्षेत्र की 51 ग्राम पंचायतों के उप सरपंचों ने एकजुट होकर “उप सरपंच संघ” का गठन किया। पूरे कार्यक्रम में जबरदस्त उत्साह, एकता और संगठन शक्ति की झलक देखने को मिली।
बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद सहित विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए चुनाव संपन्न कराया गया। खास बात यह रही कि सभी पदाधिकारी सर्वसम्मति और निर्विरोध चुने गए, जिससे उप सरपंचों की एकजुटता साफ दिखाई दी।
ग्राम पंचायत रायकेरा के उप सरपंच गुलाब यादव को सर्वसम्मति से उप सरपंच संघ का अध्यक्ष चुना गया। ठेठेटाँगर के उप सरपंच घनश्याम यादव को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई। वहीं खारीझरिया की उप सरपंच ममता बाई को सचिव पद की कमान सौंपी गई।
संघ को मार्गदर्शन और मजबूती देने के लिए संरक्षक मंडल का भी गठन किया गया, जिसमें निराकार यादव (कंडोरा), सुनील अम्बस्थ (कलीबा) और अमृत लाल (बोडोकछार) को संरक्षक बनाया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और “एकता जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। सभी उप सरपंचों ने पंचायतों के समग्र विकास, जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का संकल्प लिया।
उप सरपंच संघ का यह गठन आने वाले समय में पंचायत स्तर पर निर्णय प्रक्रिया को और प्रभावी बनाएगा तथा विकास कार्यों को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।कुनकुरी में उप सरपंचों की यह एकजुटता अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।
