घर से स्कूल निकले कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक की दर्दनाक मौत: जशपुर के सिंगीबहार मेन रोड पर ट्रक ने बाइक सवार को सामने से मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत
जशपुर 25 फरवरी 2026 । जिले में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की मौत हो गई। वे प्रतिदिन की तरह अपने घर से के लिए निकले थे। इसी दौरान सिंगीबहार मेन रोड पर उनकी बाइक की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक नसीम अंसारी, धमधा रायपुर से अंडा लोड कर रामगढ़ की ओर जा रहा था। सिंगीबहार के पास अचानक सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
विद्यालय और क्षेत्र में शोक की लहर
शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की असमय मृत्यु से विद्यालय परिवार और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उन्हें सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक बताया। उनके निधन की खबर से स्कूल में सन्नाटा पसरा रहा और सहकर्मियों की आंखें नम हो गईं।
