जमीन के पैसे के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़ : पिता ने बेटे पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, मां और भाई भी बने साजिश के हिस्सेदार — जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई में तीनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
ताजा खबरें

बड़ी खबर

जमीन के पैसे के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़ : पिता ने बेटे पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, मां और भाई भी बने साजिश के हिस्सेदार — जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई में तीनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

 जमीन के हिस्से के पैसे को लेकर खूनी पारिवारिक विवाद : पिता ने बेटे पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, मां और भाई भी शामिल — जशपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

नारायणपुर (जशपुर), 16 फरवरी 2026। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में जमीन बिक्री के पैसों के बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने गंभीर और दिल दहला देने वाला रूप ले लिया। अपने ही बेटे द्वारा जमीन में हिस्से की राशि मांगने से नाराज पिता ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। इस घटना में घायल की मां और भाई ने भी आरोपी पिता का साथ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया कामना भगत (25 वर्ष), पति कौशल राम, निवासी नारायणपुर ने 15 फरवरी 2026 को चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके ससुर शिवशंकर यादव द्वारा लगभग दो वर्ष पूर्व जमीन बेची गई थी। जमीन बिक्री के बाद उसके पति कौशल यादव (30 वर्ष) अपने हिस्से की राशि की मांग कर रहे थे, जिससे परिवार में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

बताया जा रहा है कि 13 फरवरी 2026 को इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इस दौरान आरोपी पिता शिवशंकर यादव, मां चन्द्रमुनी भगत और भाई अंकुश यादव ने मिलकर कौशल यादव के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपी पिता शिवशंकर यादव ने अपने पुत्र को जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। आग लगने से कौशल यादव गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए होलीक्रॉस हॉस्पिटल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर होलीक्रॉस हॉस्पिटल चौकी में प्रारंभिक रूप से अपराध दर्ज किया गया। चूंकि घटना थाना नारायणपुर क्षेत्र की थी, इसलिए प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए थाना नारायणपुर भेजा गया। थाना नारायणपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी शिवशंकर यादव (55 वर्ष), चन्द्रमुनी भगत (47 वर्ष) और अंकुश यादव (27 वर्ष), तीनों निवासी नारायणपुर को 16 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, महिला आरक्षक अल्पना तिर्की, आरक्षक कुलदीप खलखो और अशोक कंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image