राजस्व पखवाड़ा में अब तक 500 से अधिक प्रकरणों का हुआ निराकरण,त्वरित समाधान से लोगों को मिल रही राहत
ताजा खबरें


बड़ी खबर

राजस्व पखवाड़ा में अब तक 500 से अधिक प्रकरणों का हुआ निराकरण,त्वरित समाधान से लोगों को मिल रही राहत

रायगढ़, 6 अप्रैल 2026/ जिले में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार राजस्व पखवाड़ा के तहत ग्राम पंचायतवार तिथियां निर्धारित कर गांव-गांव में शिविरों का सुव्यवस्थित आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल रही है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिविरों को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं परिणाममुखी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
           अब तक जिले की सभी तहसीलों में 94 से अधिक शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे बड़ी संख्या में आवेदनों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित हुआ है। राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत अब तक कुल 893 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 500 से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। प्राप्त आवेदनों में नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, त्रुटि सुधार, आरबीसी 6-4, आय-जाति-निवास, खसरा, नक्शा, अभिलेख शुद्धता, आधार एवं मोबाइल नंबर प्रविष्टि तथा महतारी वंदन योजना अंतर्गत ई-केवाईसी से जुड़े प्रकरण शामिल हैं।
           राजस्व पखवाड़ा अभियान तीन चरणों में संचालित किया जा रहा है-प्रथम चरण 01 अप्रैल से 15 अप्रैल, द्वितीय चरण 04 मई से 18 मई तथा तृतीय चरण 01 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित होगा। अभियान के तहत विभिन्न राजस्व प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविरों में आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन की ऑनलाइन प्रविष्टि लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से की जा रही है तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यह अभियान आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने के साथ ही प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बना रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image