खेल प्रतिभाओं का महाकुंभ: जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 का आयोजन 12–13 फरवरी को
ताजा खबरें

बड़ी खबर

खेल प्रतिभाओं का महाकुंभ: जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 का आयोजन 12–13 फरवरी को

जशपुरनगर 10 फरवरी 2026/ सरगुजा संभाग के आदिवासी बहुल अंचल की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सरगुजा ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के अगले चरण में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 12 एवं 13 फरवरी को प्रातः 8:30 बजे से रणजीता स्टेडियम, जशपुर में आयोजित की जाएगी। यह आयोजन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी युवाओं की खेल क्षमता को निखारकर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है। खेल विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में विकासखण्ड स्तर पर विजेता रहे प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। 12 फरवरी को जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष, बालक एवं बालिका) तथा 13 फरवरी को सीनियर वर्ग (18 वर्ष से अधिक, महिला एवं पुरुष) की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

12 खेल विधाओं में होगा रोमांचक मुकाबला - 

जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 में कुल 12 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं संपन्न होंगी। इनमें व्यक्तिगत एवं दलीय दोनों प्रकार के खेल शामिल हैं। व्यक्तिगत खेलों में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो एवं 4×100 मीटर रिले रेस, तीरंदाजी, बैडमिंटन, कुश्ती एवं कराते शामिल हैं। वहीं दलीय खेलों में फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं रस्साकसी के मुकाबले खेले जाएंगे।

ग्रामीण और आदिवासी युवाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर - 

सरगुजा ओलंपिक का आयोजन सरगुजा संभाग के सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर एवं जशपुर जिलों के खिलाड़ियों को एक साझा मंच प्रदान करता है। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होंगे। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा प्रतियोगिता के सुचारू आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देगा, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image