पुलिस का ऑपरेशन क्लीन हंट बना वाहन चोरों के लिए काल, अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, 21 चोरी की बाइक बरामद, 5 शातिर गिरफ्तार
ताजा खबरें


बिग ब्रेकिंग

पुलिस का ऑपरेशन क्लीन हंट बना वाहन चोरों के लिए काल, अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, 21 चोरी की बाइक बरामद, 5 शातिर गिरफ्तार

रायगढ़, 14 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना चक्रधरनगर पुलिस ने 21 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर जिले में सक्रिय एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरोह के तार रायगढ़, कोरबा, सक्ती तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा तक जुड़े मिले हैं, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

एक बाइक चोरी की जांच से खुला बड़े गिरोह का राज

पूरे मामले की शुरुआत 11 जुलाई को कमला नेहरू गार्डन के सामने से चोरी हुई एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की जांच से हुई। शिकायत मिलने के बाद थाना चक्रधरनगर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि मेडिकल कॉलेज रोड पर दो युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अनिल मिश्रा और अमृत बहादुर के रूप में हुई। दोनों ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों बोलो निषाद, चंद्रकुमार तिवारी और चंदन राय के साथ मिलकर बाइक चोरी करने और बेचने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया संगठित चोरी का नेटवर्क

थाना परिसर में गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उन्होंने रायगढ़, कोरबा, सक्ती जिले के डभरा और मालखरौदा क्षेत्र सहित ओडिशा के बरगढ़ तथा अन्य सीमावर्ती इलाकों से योजनाबद्ध तरीके से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने चोरी की गई मोटरसाइकिलों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा था। पुलिस ने उनके निशानदेही पर अनिल मिश्रा के कब्जे से 10, अमृत बहादुर से 2, बोलो निषाद से 5 तथा चंद्रकुमार तिवारी से 4 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस प्रकार कुल 21 चोरी की बाइक बरामद की गईं।

कमला नेहरू पार्क और भीड़भाड़ वाले इलाकों को बनाते थे निशाना

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की रेकी करते थे। विशेष रूप से कमला नेहरू पार्क जैसे स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। गिरोह मुख्य रूप से हीरो स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स जैसी लोकप्रिय मोटरसाइकिलों की चोरी करता था। लॉक तोड़ने के बाद वाहन को दूसरे जिले या दूसरे राज्य में ले जाकर बेच दिया जाता था।

आरोपियों ने रायगढ़ शहर के कोतवाली क्षेत्र से दो तथा छाल क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया है।

संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गईं

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर लगातार वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इसे देखते हुए पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 112(2) तथा 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ दी हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में अनिल मिश्रा (मिठ्ठूमूड़ा, रायगढ़), बोलो निषाद (बड़े मानिकपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़), अमृत बहादुर (रैरूंमा, धरमजयगढ़), चंद्रकुमार तिवारी (राधापुर, जिला सक्ती) तथा चंदन राय (आईटीआई कॉलोनी, रायगढ़) शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दो आरोपियों की तलाश जारी, पुराने अपराधी भी निकले

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपी अनिल मिश्रा और चंदन राय के खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। विशेष रूप से चंदन राय वर्ष 2015 से लगातार बाइक चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, प्रधान आरक्षक दिलीप भानु, बालचंद राव, आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, चंद्र कुमार बंजारे, जितेंद्र कुर्रे, विक्रम सिंह, मिनकेतन पटेल एवं संदीप कौशिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संगठित वाहन चोर गिरोहों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। चोरी की संपत्ति की बरामदगी और अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वाहन पार्क करते समय सुरक्षा उपायों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave Your Comment

Click to reload image