CG Breaking : राजीव भवन में कांग्रेस की एक्सटेंडेड कमेटी की बैठक खत्म..अध्यक्षता खड़गे ने की..पढ़ें पूरी खबर
Chhattisgarh News/रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में खत्म हो गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की। बैठक में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, केसी वेणुगोपाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में पांच एजेंडों को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शुरू हो गई।
बैठक के पांच प्रमुख मुद्दे
- राजनीतिक प्रतिशोध और एजेंसियों का दुरुपयोग: राज्य एवं केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं पर झूठे आरोप लगाकर जेल भेजे जाने के मामलों को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए इस पर विरोध दर्ज किया गया।
- खनिज संसाधनों का निजीकरण और आदिवासी हितों पर हमला: बस्तर, हसदेव अरण्य और तमनार क्षेत्र में जल, जंगल और जमीन की लूट के आरोप लगाए गए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि खनिज क्षेत्रों को चुनिंदा उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है।
- किसानों को खाद की कमी: राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त खाद न दिए जाने से किसानों में बढ़ते असंतोष को लेकर चिंता व्यक्त की गई।
- 10,000 से अधिक स्कूलों को बंद करने का मुद्दा: बिना युक्तियुक्त कारण के प्रदेश में बड़ी संख्या में स्कूलों को बंद किए जाने पर सवाल उठाए गए और इसे शिक्षा विरोधी कदम बताया गया।
- संगठनात्मक पुनर्गठन की जरूरत: कुछ संगठनात्मक जिलों एवं ब्लॉकों का जनसंख्या और भौगोलिक क्षेत्रफल अधिक होने के कारण, उनके पुनर्गठन और नए जिले-ब्लॉक बनाए जाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
