वाराणसी केंद्रीय कारागार में श्री सर्वेश्वरी समूह एवं अघोर परिषद ट्रस्ट की सराहनीय पहल, निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 602 बंदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच कर वितरित कीं दवाइयां

वाराणसी। बंदियों के स्वास्थ्य की देखभाल और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार, 22 नवंबर को श्री सर्वेश्वरी समूह एवं अघोर परिषद ट्रस्ट की ओर से वाराणसी के केंद्रीय कारागार में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान कुल 602 बंदी स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा सुविधाओं से लाभान्वित हुए। संस्था की ओर से सभी मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
चिकित्सा शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु के चित्र पर विधिवत पूजन-अर्चन कर किया। इसके बाद चिकित्सकों ने अलग-अलग विभागों में बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू किया। शिविर में सामान्य बीमारियों के साथ ही त्वचा रोग, नेत्र रोग तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच और उपचार की व्यवस्था की गई थी। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बंदियों की स्वास्थ्य समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान किया।

102 बंदियों की आंखों की जांच, 8 में मिला मोतियाबिंद
शिविर के दौरान नेत्र रोग विभाग में विशेष रूप से बंदियों की आंखों की जांच की गई। कुल 102 नेत्र रोगियों की दृष्टि एवं चश्मे के नंबर की जांच की गई। इनमें से जिन बंदियों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई है, उन्हें संस्था की ओर से निकट भविष्य में निर्धारित नंबर के चश्मे वितरित किए जाएंगे। वहीं जांच के दौरान आठ बंदियों में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई। इन मरीजों का ऑपरेशन जेल प्रशासन अपनी सुविधानुसार करवाएगा, ताकि उन्हें आगे बेहतर उपचार मिल सके।
शुगर, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न जांचें भी निःशुल्क
चिकित्सा शिविर में केवल सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तक ही व्यवस्था सीमित नहीं रही, बल्कि बंदियों के स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन करने के लिए विभिन्न प्रकार की जांचें भी की गईं। संस्था की ओर से शुगर, हीमोग्लोबिन, मलेरिया, यूरिक एसिड सहित अन्य आवश्यक जांचें निःशुल्क की गईं। जांच के आधार पर मरीजों को चिकित्सकीय सलाह दी गई तथा जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
शिविर में जनरल फिजिशियन, चर्म रोग, नेत्र रोग एवं कायरोप्रेक्टिक चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें डॉ. हरिशंकर सिंह, डॉ. विवेक, डॉ. मुकुल श्रीवास्तव, डॉ. संजय तिवारी, डॉ. आशुतोष तथा डॉ. सुमित मौर्य ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। चिकित्सकों की टीम ने बंदियों की अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया।

संस्था के पदाधिकारियों एवं कारागार प्रशासन का रहा सहयोग
शिविर को सफल बनाने में श्री सर्वेश्वरी समूह के प्रचार मंत्री पारसनाथ यादव, सर्वेश्वरी टाइम्स के संपादक राजीव सिंह ‘रानू’, समूह शाखा प्रयाग के संयुक्त मंत्री मनीष सिंह, हरीश तिवारी, मिलन, बुलबुल, सुनील सहित वाराणसी के राजेश सिंह, वीरभद्र सिंह एवं अन्य सर्वेश्वरी सैनिकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
वहीं कारागार प्रशासन की ओर से जेलर अखिलेश कुमार, उप कारापाल अशोक कुमार, उप कारापाल अयोध्या प्रसाद तथा जेल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक सिंह ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
श्री सर्वेश्वरी समूह एवं अघोर परिषद ट्रस्ट की इस पहल से केंद्रीय कारागार में निरुद्ध सैकड़ों बंदियों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला। 602 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण और आवश्यक जांचों के माध्यम से संस्था ने सेवा एवं मानवीय संवेदना का संदेश दिया।
