किसान हितैषी सरकार की सौगात से कुदमुरा में खुला नवीन धान मंडी उपकेंद्र, विधायक रायमुनी भगत ने किया उद्धघाटन, तीन पंचायतों के किसानों को मिलेगा लाभ
नारायणपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर प्रदेश में किसानों को उनकी उपज के विक्रय के लिए बेहतर, सुलभ और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने के प्रयासों को ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विस्तार मिल रहा है। किसान हितैषी सरकार की इसी पहल के तहत जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत कुदमुरा में नवीन धान मंडी उपकेंद्र की शुरुआत की गई है। इस नई सुविधा से क्षेत्र की तीन पंचायतों के 489 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। अब किसानों को अपनी मेहनत से उपजाए धान को बेचने के लिए साहीडाँड़ मंडी तक लंबी दूरी तय करने की मजबूरी नहीं रहेगी। स्थानीय स्तर पर ही धान विक्रय की सुविधा मिलने से किसानों को समय और परिवहन खर्च दोनों में राहत मिलेगी।
जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत के करकमलों से कुदमुरा में नवीन धान मंडी उपकेंद्र का विधिवत शुभारंभ एवं लोकार्पण संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों में उत्साह देखने को मिला। नवीन उपकेंद्र साहीडाँड़ धान मंडी के अंतर्गत संचालित होगा। इसके प्रारंभ होने से कुदमुरा सहित आसपास की तीन पंचायतों के किसानों को धान विक्रय के लिए नजदीक में ही बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।
अब धान बेचने के लिए नहीं तय करनी पड़ेगी लंबी दूरी
अब तक कुदमुरा और आसपास के गांवों के किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए साहीडाँड़ मंडी तक जाना पड़ता था। इसके लिए किसानों को धान का परिवहन करने, वाहन की व्यवस्था करने और मजदूरी सहित अन्य खर्च उठाने पड़ते थे। मंडी की दूरी के कारण किसानों को अपना पूरा दिन भी खर्च करना पड़ता था। विशेषकर छोटे और सीमांत किसानों के लिए यह व्यवस्था कई बार अतिरिक्त परेशानी का कारण बनती थी।
कुदमुरा में नवीन धान मंडी उपकेंद्र खुलने से अब किसानों को इस परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी। स्थानीय स्तर पर खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से किसान अपनी उपज को नजदीक में ही विक्रय कर सकेंगे। इससे धान को दूर तक ले जाने का खर्च कम होगा और मंडी आने-जाने में लगने वाला समय भी बचेगा।
छोटे और सीमांत किसानों को मिलेगी विशेष सुविधा
धान खरीदी के दौरान किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी उपज को खरीदी केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने की होती है। दूर स्थित मंडी तक धान पहुंचाने में वाहन किराया,अन्य व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है। ऐसे में कुदमुरा में उपकेंद्र की शुरुआत किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
तीन पंचायतों के 489 किसानों को इसका लाभ मिलने से क्षेत्र में धान खरीदी व्यवस्था अधिक सुलभ होगी। किसानों को बार-बार दूर स्थित मंडी तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही धान विक्रय से जुड़ी प्रक्रियाओं के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से उनकी भागदौड़ भी कम होगी। यह पहल ग्रामीण किसानों की व्यावहारिक समस्याओं को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
किसानों के हित और ग्रामीण विकास को मिलेगी मजबूती
इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने नवीन धान मंडी उपकेंद्र की शुरुआत को किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समाधान करना आवश्यक है। स्थानीय स्तर पर धान विक्रय की व्यवस्था बनने से किसानों को सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र की कृषि व्यवस्था भी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को केंद्र में रखकर सुविधाओं का विस्तार किए जाने से ग्रामीण अंचलों में बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूती मिल रही है। कुदमुरा में नवीन धान मंडी उपकेंद्र का शुभारंभ भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित क्षेत्रवासी रहे उपस्थित
शुभारंभ कार्यक्रम में माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शम्भुनाथ चक्रवर्ती, बगीचा मंडल अध्यक्ष हरीश कुमार आरिक, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष बगीचा श्रीमती गायत्री नागेश, उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष शिव यादव, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती अहिल्या यादव, श्रीमती चिंता साहू, राजकुमार चौहान, शंभु सिंह, अमृत दास, टंकेश्वर यादव, मुरली यादव, श्रीमती करुणा यादव, हरिहर यादव एवं कुंवर यादव सहित क्षेत्र के सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
