मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से किसानों को मिली बड़ी राहत, कोरंगामाल में नए धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ, 13 गांवों के सैकड़ों किसानों को अब कोनपारा की लंबी कतारों से मिलेगी मुक्ति,कौशल्या साय ने नए धान खरीदी केंद्र का किया शुभारंभ,
ताजा खबरें


बड़ी खबर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से किसानों को मिली बड़ी राहत, कोरंगामाल में नए धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ, 13 गांवों के सैकड़ों किसानों को अब कोनपारा की लंबी कतारों से मिलेगी मुक्ति,कौशल्या साय ने नए धान खरीदी केंद्र का किया शुभारंभ,

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है।जिले के फरसाबहार तहसील क्षेत्र के ग्राम कोरंगामाल में मंगलवार को नए धान खरीदी केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और क्षेत्र के किसानों की उपस्थिति में फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।नए धान खरीदी केंद्र के शुरू होने से आसपास के 13 गांवों के सैकड़ों किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर स्थित कोनपारा धान खरीदी केंद्र तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों का समय, परिवहन खर्च और अनावश्यक परेशानी कम होगी। वहीं कोनपारा केंद्र में किसानों की अधिक संख्या के कारण लगने वाली लंबी कतारों और भीड़ से भी राहत मिलेगी।

*मुख्यमंत्री के निर्देश पर किसानों की समस्या का हुआ समाधान*

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव भरत साय ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और निर्णयों से किसानों को लगातार लाभ मिल रहा है। धान खरीदी व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।वहीं कपिलेश्वर सिंह ने बताया कि कोनपारा धान खरीदी केंद्र में आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में किसान पहुंचते थे। इससे केंद्र में अत्यधिक भीड़ रहती थी और कई किलोमीटर तक ट्रैक्टरों की लंबी कतार लग जाती थी। किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। इस समस्या से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को अवगत कराया गया था। किसानों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए कोरंगामाल में नया खरीदी केंद्र शुरू करने की पहल की गई है। इससे कोनपारा केंद्र पर दबाव कम होगा और किसानों को अपने गांव के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी।

*क्षेत्र के 13 गांवों के किसानों को मिलेगी सीधी सुविधा : कौशल्या साय*

मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने कहा कि कोरंगामाल में नए धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ क्षेत्र के किसानों के लिए खुशी और राहत का विषय है। इस केंद्र से 13 गांवों के सैकड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले किसानों को धान बेचने के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे समय और परिवहन खर्च अधिक होता था। अब नजदीक में ही खरीदी केंद्र शुरू होने से उनकी यह परेशानी दूर होगी।श्रीमती साय ने कहा कि प्रदेश की साय सरकार क्षेत्र की विकास के लिए प्रतिबद्ध है,किसान हित में अनेक प्रकार की योजनाओं से उन्हें लाभान्वित कर रही है।गांव गांव अब सड़कों का डामरीकरण कार्य किए जा रहे हैं,विद्युत के क्षेत्र में भी जगह जगह सब स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सके।


*पहले दिन 106 क्विंटल 80 किलो धान की हुई खरीदी*

नए धान खरीदी केंद्र के उद्घाटन के साथ ही धान खरीदी की शुरुआत भी उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। पहले दिन दो किसानों ने कुल 106 क्विंटल 80 किलो धान बेचकर केंद्र में खरीदी की बोहनी की। किसान श्रीमती शकुंतला पांडेय ने 42 क्विंटल तथा किसान शिवचरण ने 64 क्विंटल 80 किलो धान की बिक्री की।

इस अवसर पर अतिथियों ने दोनों किसानों को फूलमाला पहनाकर एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद समिति के माध्यम से धान खरीदी की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति*

कार्यक्रम की शुरुआत में पंडित लक्ष्मण सारंगी ने धान तौलने वाले तराजू की विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इसके पश्चात अतिथियों ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दुलारी सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमंती साय, उपाध्यक्ष श्रीमती संध्या सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू, कपिलेश्वर सिंह, शकुंतला पांडेय, तेजेश्वरी सिंह, विनोद पैकरा, राजकुमार सिंह, वासुदेव नायक, सरपंच गजेंद्र कालों, अविनाश अवस्थी, प्रताप सिंह, सीताराम गुप्ता, शिवा सिंह, मनोज पांडेय, फूलों प्रधान सहित जिला विपणन अधिकारी शंभुनाथ गुप्ता, एसडीएम रूपेंद्र पटेल, तहसीलदार कमलेश कुमार सिदार, मंडी प्रबंधक हरिंदन चौहान एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, किसान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कोरंगामाल में नए धान खरीदी केंद्र की शुरुआत किसानों के लिए सुविधा, समय और आर्थिक बचत के साथ स्थानीय स्तर पर बेहतर कृषि व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave Your Comment

Click to reload image