अब किताबों से नहीं, प्रयोग करके विज्ञान सीखेंगे जशपुर के विद्यार्थी, JashQuest से सरकारी स्कूलों में शुरू होगी गतिविधि आधारित पढ़ाई, शिक्षकों का प्रशिक्षण प्रारंभ
जशपुर। कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर जिले में विज्ञान एवं गणित विषय की पढ़ाई को अधिक रोचक, प्रयोगात्मक और विद्यार्थी केंद्रित बनाने के उद्देश्य से संचालित JashQuest कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर शिक्षकों का प्रायोगिक प्रशिक्षण शुरू हो गया है। जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देशानुसार 17 से 20 नवंबर तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विकासखंड स्तर पर शिक्षकों को विभिन्न प्रयोगात्मक गतिविधियों का अभ्यास कराया जा रहा है। इसमें जिले के सभी शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के संबंधित विषय के शिक्षक शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस मनोरा, जशपुर एवं कांसाबेल विकासखंड में विज्ञान विषय का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को कक्षा छठवीं, सातवीं एवं आठवीं के विद्यार्थियों के लिए नवंबर माह में विद्यालयों में कराई जाने वाली विज्ञान की गतिविधियों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसके तहत प्रत्येक कक्षा के लिए दो-दो गतिविधियां निर्धारित की गई हैं। इस प्रकार तीनों कक्षाओं के लिए कुल छह गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को प्रयोग आधारित शिक्षण पद्धति की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में नवंबर माह के दौरान विद्यार्थियों से निर्धारित गतिविधियां करवाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को STEM Exploration के तहत परियोजना कार्य भी दिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को विज्ञान की अवधारणाओं को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए स्वयं प्रयोग करने और गतिविधियों के माध्यम से समझने का अवसर प्रदान करना है।
JashQuest कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान के साथ-साथ गणित विषय के शिक्षकों का प्रशिक्षण भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से तैयार की गई यह व्यवस्था जिले के सभी शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालयों तक गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) की विशेष भूमिका रही। मनोरा एवं जशपुर विकासखंड में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान थिंकटैक फाउंडेशन की ओर से गौतम सिंह तथा यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के समन्वयक अवनीश पांडेय ने शिक्षकों को JashQuest कार्यक्रम की अवधारणा, उद्देश्य एवं गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
