बाल दिवस पर बच्चों के बीच पहुंचे एसडीएम भरत कौशिक, योग और खेल गतिविधियों में नन्हे प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
ताजा खबरें


बड़ी खबर

बाल दिवस पर बच्चों के बीच पहुंचे एसडीएम भरत कौशिक, योग और खेल गतिविधियों में नन्हे प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

नारायणपुर/कुनकुरी। विकासखंड कुनकुरी के शासकीय प्राथमिक शाला डीपाटोली धुमाडांड में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कुनकुरी के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भरत कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम भरत कौशिक ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें जीवन में सफलता हासिल करने के लिए नियमित पढ़ाई, अनुशासन, अच्छे संस्कार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सीख दी। उन्होंने अपने बचपन और स्कूली जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि बचपन जीवन का सबसे अनमोल समय होता है। इस समय को अच्छे कार्यों, संस्कारों और सकारात्मक गतिविधियों के साथ यादगार बनाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने तथा उनकी सीख को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए योग सत्र, योग प्रतियोगिता और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। गणित के रोचक सवाल, हिंदी कविता एवं कहानी प्रस्तुति, पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों के साथ फुगड़ी और लंगड़ी जैसे पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं भी हुईं। बच्चों ने हिंदी और अंग्रेजी में कविताओं की आकर्षक प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री देकर सम्मानित किया गया। एसडीएम भरत कौशिक ने भी बच्चों को कॉपी, कलम और पेंसिल भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा और गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भागीदारी की सराहना की।

इस दौरान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय कुनकुरी की संचालिका बीके भारती एवं गायत्री दीदी ने भी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को मेहनत, संघर्ष और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह गुलाब का फूल अपनी खुशबू से वातावरण को महकाता है, उसी तरह बच्चों को अपने अच्छे व्यवहार, श्रेष्ठ कर्मों और सकारात्मक विचारों से समाज में अपनी पहचान बनानी चाहिए।

कार्यक्रम में समाजसेवी एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट बिनीत जिंदल ने भी बच्चों को बाल दिवस की बधाई दी और विशेष योग सत्र के लिए योग ड्रेस प्रदान की। विद्यालय की परंपरा के अनुसार प्रत्येक कक्षा से शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो विद्यार्थियों को मेडल एवं बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। इससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

विद्यालय के प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने कहा कि विद्यालय परिवार का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रचनात्मक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में आगे बढ़ने का अवसर मिले। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में नियमित रूप से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर शिक्षा और संस्कारों के साथ यही बच्चे भविष्य में समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कार्यक्रम के अंत में प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता की ओर से बच्चों के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष और सदस्य, शिक्षकगण, रसोइया, विद्यालय कर्मचारी, पालक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

डीपाटोली धुमाडांड प्राथमिक शाला में आयोजित बाल दिवस समारोह बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य, योग और प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर बना। पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी।

Leave Your Comment

Click to reload image